लगातार दूसरे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

WhatsApp Channel Join Now
लगातार दूसरे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी उछले


नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज लगातार दूसरे दिन मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। दिन के पहले सत्र में लिवालों और बिकवालों की खींचतान के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में लगातार उतार चढ़ाव होता रहा, लेकिन दोपहर 12 बजे के थोड़ी देर पहले लिवालों ने खरीदारी का जोर बना दिया। खरीदारी के सपोर्ट से दोनों सूचकांकों ने शानदार तेजी हासिल कर ली। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.75 प्रतिशत और निफ्टी 0.74 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल, इंफ्रास्ट्रक्चर, मीडिया और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। इसी तरह बैंकिंग, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल, फार्मास्यूटिकल, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, एफएमसीजी और आईटी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में आज खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.65 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब पौने तीन लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 433.35 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 430.57 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.78 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,411 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,364 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,892 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 155 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,972 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,770 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,202 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर बढ़त के साथ और 10 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 36 शेयर हरे निशान में और 14 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 323.83 अंक की मजबूती के साथ 75,826.68 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण पहले 15 मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से लगभग 500 अंक टूट कर 178.12 अंक की कमजोरी के साथ 75,324.73 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिससे सेंसेक्स की चाल भी ऊपर नीचे होने लगी।

दोपहर 12 बजे के थोड़ी देर पहले खरीदारों ने चौतरफा लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से शाम तीन बजे के करीब यह सूचकांक निचले स्तर से 979.53 अंक उछल कर 801.41 अंक की तेजी के साथ 76,304.26 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि आखिरी आधे घंटे के कारोबार में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 233.42 अंक फिसल कर 567.99 अंक की बढ़त के साथ 76,070.84 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 84.40 अंक उछल कर 23,493.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही दबाव बन जाने के कारण थोड़ी ही देर में यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 145 अंक से अधिक टूट कर 62.20 अंक की गिरावट के साथ 23,346.60 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद दिन के पहले सत्र में तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिससे निफ्टी की चाल भी ऊपर नीचे होने लगी।

दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण यह सूचकांक निचले स्तर से 310.20 अंक की छलांग लगा कर 248 अंक की बढ़त के साथ 23,656.80 अंक तक पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई बिकवाली के कारण निफ्टी ऊपरी स्तर से 75.65 अंक लुढ़क कर 172.35 अंक की मजबूती के साथ 23,581.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एटरनल 5.67 प्रतिशत, टाटा स्टील 4.54 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.06 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 2.60 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 2.29 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, विप्रो 1.94 प्रतिशत, सिप्ला 1.39 प्रतिशत, इंफोसिस 1.35 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.35 प्रतिशत और आईटीसी 1.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story