लगातार दूसरे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, तेजी के बावजूद निवेशकोें के 4 लाख करोड़ स्वाहा

WhatsApp Channel Join Now
लगातार दूसरे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, तेजी के बावजूद निवेशकोें के 4 लाख करोड़ स्वाहा


नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। आईटी कंपनियों के शेयरों में अच्छी खरीद और ट्रेंट के बेहतर नतीजों के दम पर भारतीय शेयर बाजार आज लगातार दूसरे कारोबारी दिन में बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहा। बाजार में हालांकि, आज चौतरफा मजबूती का नजारा होता रहा, इसके बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में जमकर हुई बिकवाली के कारण ज्यादातर निवेशकों के लिए आज का दिन अच्छा नहीं रहा। चुनिंदा शेयरों में हुई लिवाली की बदौलत बाजार तो हरे निशान में बंद होने में सफल रहा लेकिन निवेशकों की संपत्ति में चार लाख करोड़ रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

आज के कारोबार के दौरान शुरुआत से ही बाजार में उतार-चढ़ाव का माहौल बना रहा, जिसमें चुनिंदा शेयरों में हुई खरीदारी के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक ज्यादातर समय हरे निशान में ही बने रहे। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.42 प्रतिशत और निफ्टी 0.51 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 48.65 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 74,199.69 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से ये सूचकांक फिसल कर 74,099.33 अंक तक गिर गया। इसके बाद आईटी और चुनिंदा हैवीवेट शेयरों में खरीदारी शुरू हो गई, जिससे कुछ ही देर में यह सूचकांक निचले स्तर से 643.26 अंक उछल कर 74,742.59 अंक के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, इस तेजी के बाद ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली शुरू हो गई, जिससे सेंसेक्स की चाल में दोबारा कमजोरी आ गई।

ये सूचकांक ऊपरी स्तर से 660.66 अंक लुढ़क कर 69.01 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,082.03 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद आखिरी घंटे में खरीदारों ने एक बार फिर निचले स्तर से लिवाली का सहारा दिया, जिसके दम पर सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 377.50 अंक की शानदार रिकवरी कर कुल 308.49 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,459.53 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने भी आज 27.75 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की तेजी दिखाते हुए 22,964.50 अंक के स्तर से अपने कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद पहले बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक लाल निशान में 22,919.85 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदार एक्टिव हो गए और लिवाली शुरू कर दी। इस लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक तेजी से आगे बढ़ा और 181.35 अंक यानी 0.79 प्रतिशत चढ़ कर 23,118.10 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बिकवाली के दबाव के चलते निफ्टी ऊपरी स्तर से 213 अंक टूट कर 31.65 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,905.10 अंक के स्तर पर आ गया था। कारोबार के अंतिम सत्र में खरीदारों द्वारा एक बार फिर लिवाली का जोर बना देने के कारण निफ्टी अपनी गिरावट से उबरते हुए दिन के निचले स्तर से 148 अंक की रिकवरी कर 116.35 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,053.10 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा चमक देखने को मिली। जबरदस्त लिवाली के चलते निफ्टी का आईटी इंडेक्स 2.32 प्रतिशत की बड़ी बढ़त के साथ बंद हुआ। इसी तरह फार्मास्युटिकल सेक्टर भी खरीदारों के रडार पर रहा। निफ्टी का फार्मा इंडेक्स 1.55 प्रतिशत की मजबूती दर्ज करने में सफल रहा। इसके अलावा हेल्थकेयर और टेक इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में आज भारी बिकवाली देखी गई, जिसके चलते बीएसई का कैपिटल गुड्स इंडेक्स दो प्रतिशत से भी अधिक टूट कर बंद हुआ। इसके अलावा ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी, मेटल, ऑयल एंड गैस और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स भी आज बिकवाली के दबाव में फंस कर लाल निशान में बंद हुए।

ब्रॉडर मार्केट और सेक्टोरल फ्रंट पर आज मिला-जुला कारोबार होता रहा। बैंकिंग सेक्टर में आज सुस्ती रही, जिसके कारण निफ्टी बैंक इंडेक्स 0.41 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। वहीं, मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी आज दबाव से उबर नहीं पाए। निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स आज के कारोबार के अंत में 0.93 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली का असर दिखा। निफ्टी का स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने आज 1.85 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

बाजार के दोनों मुख्य सूचकांकों के बढ़त के साथ बंद होने के बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप सेक्टर में हुई बिकवाली के कारण आज निवेशकों की संपत्ति में करीब चार लाख करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले यानी गुरुवार के कारोबारी सत्र के बंद होने पर 478.34 लाख करोड़ रुपये था, जो आज शुक्रवार को कारोबार की समाप्ति पर घट कर 474.33 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) रह गया। इस तरह से बाजार में चुनिंदा बड़े शेयरों की तेजी के बावजूद ब्रॉडर मार्केट में हुई बिकवाली के कारण निवेशकों को आज के दिन करीब 4.01 लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान एनएसई के एडवांस-डिक्लाइन आंकड़ों पर नजर डालें तो बाजार में गिरावट का रुख हावी था, जहां सिर्फ 881 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे, जबकि 2,383 शेयरों को नुकसान झेलना पड़ा और वे लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 18 शेयर मुनाफे के साथ और 12 शेयर कमजोरी के साथ बंद हुए। वहीं, निफ्टी के 50 शेयरों में से 29 शेयर बढ़त दर्ज करने में सफल रहे, जबकि 21 शेयरों में गिरावट का रुख देखा गया।

आज दिनभर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से ट्रेंट 5.44 प्रतिशत की भारी उछाल के साथ टॉप गेनर रही। इसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) 4.33 प्रतिशत, इंफोसिस 3.36 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल्स 3.02 प्रतिशत और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 1.92 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए।

दूसरी ओर, मंदी की चपेट में रही कंपनियों में श्रीराम फाइनेंस 2.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ सबसे आगे रही। इसके साथ ही नेस्ले इंडिया 1.82 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.72 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज 1.21 प्रतिशत और अदाणी पोर्ट्स 1.18 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में बंद हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story