बड़ी गिरावट के बाद शेयर बाजार ने की शानदार रिकवरी, सेंसेक्स निचले स्तर से 2,022 अंक उछला, निफ्टी ने भी लगाई छलांग

WhatsApp Channel Join Now
बड़ी गिरावट के बाद शेयर बाजार ने की शानदार रिकवरी, सेंसेक्स निचले स्तर से 2,022 अंक उछला, निफ्टी ने भी लगाई छलांग


- बाजार की शानदार रिकवरी के कारण निवेशकों ने कमाए 15 हजार करोड़ रुपये

नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार ने आज दिन के दूसरे सत्र में हुई चौतरफा खरीदारी के सपोर्ट से निचले स्तर से शानदार वापसी की। आज के कारोबार की शुरुआत बड़ी गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बनने पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों में दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट आ गई। हालांकि दिन के दूसरे सत्र में मार्केट सेंटीमेंट्स में सुधार होने पर चौतरफा खरीदारी शुरू हो गई, जिसके कारण सेंसेक्स निचले स्तर से 2,000 अंक से अधिक उछल गया। इसी तरह निफ्टी ने भी निचले स्तर से लगभग 600 अंक की छलांग लगाने में सफलता हासिल की। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.25 प्रतिशत और निफ्टी 0.15 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी होती रही, जिसके कारण आईटी इंडेक्स 2.60 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। इसी तरह बैंकिंग, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, मेटल और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, हेल्थ केयर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और ऑयल एंड गैस इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

ब्रॉडर मार्केट में भी आज बड़ी गिरावट के बाद निचले स्तर पर जमकर खरीदारी हुई। इस खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स निचले स्तर से 2.30 प्रतिशत की रिकवरी करने के बावजूद 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने भी निचले स्तर से रिकवरी करने के बावजूद 0.38 प्रतिशत के गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब पंद्रह हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 422.16 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 422.01 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 15 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,387 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,663 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,563 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 159 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,979 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,881 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,098 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 18 शेयर बढ़त के साथ और 12 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 27 शेयर हरे निशान में और 23 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 872.27 अंक की कमजोरी के साथ 72,262.05 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण इस सूचकांक की गिरावट बढ़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर 11 के थोड़ी देर पहले सेंसेक्स 1,588.51 अंक की कमजोरी के साथ 71,545.81 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद बाजार में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स की चाल में सुधार होने लगा।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के 20 मिनट पहले ये सूचकांक निचले स्तर से 2,022.73 अंक की रिकवरी कर 434.22 अंक की मजबूती के साथ 73,568.54 अंक के स्तर तक पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से शुरू हुई बिकवाली के कारण सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 248.99 अंक फिसल कर 185.23 अंक की तेजी के साथ 73,319.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 296 अंक लुढ़क कर 22,383.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से पहले डेढ़ घंटे के कारोबार के बाद निफ्टी 496.85 अंक टूट कर 22,182.55 अंक के स्तर तक आ गया।

दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाना शुरू कर दिया। लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से निफ्टी निचले स्तर से 599.75 अंक उछल कर 22,782.30 अंक तक पहुंच गया। अंत में दिन के सौदों के निपटारे के कारण हुई बिकवाली के कारण निफ्टी ऊपरी स्तर से 69.20 अंक गिर कर 33.70 अंक की तेजी के साथ 22,713.10 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचसीएल टेक्नोलॉजी 3.53 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 2.63 प्रतिशत, इंफोसिस 1.97 प्रतिशत, विप्रो 1.95 प्रतिशत और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.78 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, आयशर मोटर्स 2.58 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 2.55 प्रतिशत, एटरनल 2.03 प्रतिशत, सन फार्मास्युटिकल्स 2.02 प्रतिशत और बजाज ऑटो 1.54 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story