पूरे दिन उतार-चढ़ाव के बाद मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 1.11 लाख करोड़ की चपत

WhatsApp Channel Join Now
पूरे दिन उतार-चढ़ाव के बाद मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 1.11 लाख करोड़ की चपत


नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज पूरे दिन सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव के बाद मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। आज बाजार की चाल पर निफ्टी और बैंक निफ्टी के साथ एनएसई के अन्य सूचकांकों और स्टॉक्स के डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की मंथली एक्सपायरी का भी असर बना रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी मामूली गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद पूरे दिन तेजड़िये और मंदड़िये एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश करते रहे, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल भी ऊपर-नीचे होती रही। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.09 प्रतिशत और निफ्टी 0.04 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 4.03 अंक की सांकेतिक कमजोरी के साथ 76,831.75 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स 152.70 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,988.48 अंक के स्तर तक पहुंचा। वहीं, बिकवाली का दबाव बनने पर इस सूचकांक ने 163.01 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,672.77 अंक के स्तर तक गोता भी लगाया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 69.86 अंक टूट कर 76,765.92 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 24.70 अंक फिसल कर 23,971.25 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद पूरे दिन यह सूचकांक सीमित दायरे में ऊपर-नीचे होता रहा। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 45.20 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,041.15 अंक के स्तर तक पहुंचा। वहीं, बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक 41.35 अंक यानी 0.17 प्रतिशत फिसल कर 23,954.60 अंक के स्तर तक गिर भी गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 10.60 की मामूली कमजोरी के साथ 23,985.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों की जमकर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 3.32 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह रियल्टी, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों पर आज जबरदस्त दबाव बना रहा, जिसके कारण बीएसई का कैपिटल गुड्स इंडेक्स 2.40 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह बैंकिंग, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा, जिसकी वजह से निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.08 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.22 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 479.22 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 480.33 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.11 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,424 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,626 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,629 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 169 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,986 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 938 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,048 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 17 शेयर बढ़त के साथ और 13 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 30 शेयर हरे निशान में और 20 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टीसीएस 4.46 प्रतिशत, एटरनल 4.23 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 3.82 प्रतिशत, नेस्ले 3.16 प्रतिशत और सिप्ला 2.50 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंदुस्तान यूनिलीवर 6.99 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 4.46 प्रतिशत, कोल इंडिया 4.06 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 2.28 प्रतिशत और एनटीपीसी 2.01 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story