डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में आई गिरावट, 19 पैसे टूट कर बंद हुई भारतीय मुद्रा

WhatsApp Channel Join Now
डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में आई गिरावट, 19 पैसे टूट कर बंद हुई भारतीय मुद्रा


डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में आई गिरावट, 19 पैसे टूट कर बंद हुई भारतीय मुद्रा


नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। घरेलू विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार (फॉरेक्स मार्केट) में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन आज भारतीय मुद्रा रुपये में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। दिनभर के कारोबार के बाद भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पिछले बंद भाव 94.05 के मुकाबले 0.19 रुपये यानी 0.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 94.24 प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ है। घरेलू शेयर बाजारों में हुई तेज बिकवाली और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमत ने आज भारतीय करेंसी पर चौतरफा दबाव बनाने का काम किया।

आज सुबह इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में भारतीय रुपया 2 पैसे की मामूली मजबूती के साथ 94.03 प्रति डॉलर के स्तर पर खुला था। यही स्तर पूरे दिन के कारोबार का ऊपरी स्तर भी साबित हुआ। जैसे-जैसे दिन का कारोबार आगे बढ़ा, घरेलू शेयर बाजार में गिरावट गहराने और आयातकों की ओर से डॉलर की मांग बढ़ने के कारण रुपया फिसलता चला गया। इंट्रा-डे कारोबार के दौरान भारतीय रुपया एक समय टूट कर 94.2875 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक भी फिसल गया था। हालांकि बाद में स्थिति में मामूली सुधार हुआ जिसकी वजह से रुपया 19 पैसे की कमजोरी के साथ 94.24 (अनंतिम) के स्तर पर बंद हुआ।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आई इस भारी गिरावट के विपरीत यूरोपीय मुद्राओं के सामने आज भारतीय रुपये ने अपनी मजबूती कायम रखी। ब्रिटिश पॉन्ड के खिलाफ भारतीय रुपये में आज बढ़त का रुख बना रहा, जिससे पॉन्ड पिछले बंद भाव 124.8163 के मुकाबले 0.1016 रुपये यानी 0.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 124.7147 के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह यूरोपीय संघ की साझा मुद्रा यूरो के सामने भी रुपया आज मजबूत रहा, जिससे यूरो 0.1091 रुपये यानी 0.10 प्रतिशत टूट कर 104.2250 के स्तर पर बंद हुआ।

दूसरी ओर प्रमुख एशियाई मुद्राओं के मुकाबले आज भारतीय रुपये को कमजोरी का सामना करना पड़ा। जापानी येन के खिलाफ भारतीय रुपया 0.0006 रुपये यानी 0.10 प्रतिशत कमजोर हुआ, जिससे येन का भाव चढ़ कर 0.5895 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह चीनी युआन भी भारतीय मुद्रा के सामने मजबूत नजर आया और यह 0.0313 रुपये यानी 0.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 14.1263 के स्तर पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा बाजार के जानकारों का कहना है कि दुनिया की प्रमुख छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स आज 0.05 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 103.22 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। डॉलर की इस वैश्विक मजबूती और कच्चे तेल के ऊंचे दामों ने रुपये पर दबाव बनाया है। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि यदि कच्चे तेल में उछाल और घरेलू शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी रहती है, तो शॉर्ट टर्म में रुपया सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव दिखा सकता है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776353 Articles

Share this story