डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल की कीमत के आगे पस्त हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगी 7.42 लाख करोड़ की चपत

WhatsApp Channel Join Now
डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल की कीमत के आगे पस्त हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगी 7.42 लाख करोड़ की चपत


नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (हि.स.)। अमेरिकी डॉलर की मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के 115 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच जाने के कारण बनी आर्थिक चुनौतियों की आग में आज घरेलू शेयर बाजार बुरी तरह से झुलस गया। वैश्विक स्तर पर बने इस दबाव की वजह से घरेलू शेयर बाजार में आज ज्यादातर समय बिकवाली का जोर बना रहा। हालांकि, दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने चुनिंदा शेयरों में लिवाली का जोर बना कर सेंसेक्स और निफ्टी की स्थिति सुधारने में काफी योगदान दिया। हालांकि चौतरफा बिकवाली के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक वापस हरे निशान में नहीं पहंच सके। इस तरह पूरे दिन के उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद शेयर बाजार लगातार चौथे कारोबारी दिन गिरावट के साथ गहरे लाल निशान में ही बंद हुआ।

आज के कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हरे निशान में हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी शुरू हो जाने के कारण दोनों सूचकांकों की मजबूती और बढ़ गई। लेकिन कुछ देर बाद ही बिकवाली शुरू हो जाने के कारण शुरुआती तेजी टिक नहीं सकी। पहले आधे घंटे के कारोबार में ही बिकवाल बाजार पर पूरी तरह हावी हो गए। बाजार में ऊपरी स्तर से शुरू हुई मुनाफावसूली और वैश्विक दबाव के कारण बिकवाली का ऐसा जबरदस्त दबाव बना, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लगातार नीचे की ओर गिरते चले गए।

बिकवाली के इस दबाव में सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 1,314 अंक से अधिक लुढ़क गया। इसी तरह निफ्टी ने भी ऊपरी स्तर से 415 अंक से अधिक का गोता लगाया। हालांकि दोपहर 1:30 बजे के बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली शुरू कर दी, जिससे बाजार निचले स्तर से काफी हद तक रिकवर करने में सफल रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी ने 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया। बाजार में आज हुई इस चौतरफा बिकवाली के कारण शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में करीब 7.42 लाख करोड़ रुपये की भारी-भरकम गिरावट आ गई।

बीएसई का सेंसेक्स आज पिछले क्लोजिंग लेवल 73,249.39 अंक के मुकाबले 416.25 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,665.64 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलते ही शुरुआती लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक थोड़ी ही देर में 517.12 अंक यानी 0.71 प्रतिशत की तेजी के साथ 73,766.51 अंक के स्तर तक पहुंचने में कामयाब रहा। हालांकि यह बढ़त ज्यादा देर नहीं टिक सकी।

शुरुआती कारोबार के बाद ही बाजार में चौतरफा मुनाफावसूली शुरू हो गई, जिसके दबाव में सेंसेक्स अपनी सारी बढ़त गंवाते हुए ऊपरी स्तर से 1,314.14 अंक लुढ़क कर 797.02 अंक यानी 1.09 प्रतिशत तक फिसलकर 72,452.37 अंक के निचले स्तर तक आ गया। हालांकि दोपहर 1:30 बजे के बाद चुनिंदा शेयरों में निचले स्तर से खरीदारी शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक को काफी सहारा मिला। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स निचले स्तर से 671.46 अंक सुधर कर 125.56 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,123.83 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज पिछले क्लोजिंग लेवल 22,687.65 अंक के मुकाबले 54.55 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की मजबूती के साथ 22,742.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। कारोबार के शुरुआती दौर में हुई खरीदारी के सहारे यह सूचकांक उछल कर 99.60 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,787.25 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार पर बिकवाल पूरी तरह हावी हो गए, जिससे निफ्टी की कमजोरी लगातार बढ़ती चली गई।

हालांकि खरीदारों ने बीच-बीच में लिवाली का जोर बना कर बाजार को सपोर्ट देने की कोशिश की भी लेकिन बिकवाली के जबरदस्त दबाव के आगे उनकी कोशिश सफल नहीं हो सकीं। बाजार में जारी बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 415.25 अंक फिसल कर 315.65 अंक यानी 1.39 प्रतिशत टूट कर 22,372 अंक के निचले स्तर तक आ गया। हालांकि दिन के दूसरे सत्र में दोपहर दो बजे के कुछ देर पहले खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण निफ्टी दिन के निचले स्तर से 228 अंक सुधर कर 87.65 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,600 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान सेक्टोरल इंडेक्सों में चौतरफा कमजोरी का रुख देखा गया, जिसमें मेटल सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। सेक्टर्स की बात करें तो निफ्टी बैंक इंडेक्स 1.16 प्रतिशत, निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 2.26 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा इंडेक्स 1.04 प्रतिशत और निफ्टी फाइनेंस सर्विस इंडेक्स 1.03 प्रतिशत की भारी कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए।

इसी तरह निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स 0.99 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो इंडेक्स 0.60 प्रतिशत और निफ्टी आईटी इंडेक्स 0.27 प्रतिशत टूटकर बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज के कारोबार के दौरान लगातार गंभीर दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स 2.21 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने भी 2.94 प्रतिशत की जबरदस्त कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई इस जोरदार गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में लगभग साढ़े सात लाख करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घटकर 451.83 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) के स्तर पर आ गया। पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इन कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन 459.25 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा दर्ज किया गया था। इस तरह निवेशकों की कुल जमा पूंजी में से लगभग 7.42 लाख करोड़ रुपये का बड़ा हिस्सा आज एक ही दिन में स्वाहा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान एनएसई में 3,297 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 434 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,863 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 10 शेयर बढ़त के साथ और 20 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 13 शेयर हरे निशान में, 36 शेयर लाल निशान में और एक शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एटरनल 4.25 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल 1.65 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.11 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 0.97 प्रतिशत और टीसीएए 0.92 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल होने में सफल रहे। दूसरी ओर, बिकवाली के झटके के कारण श्रीराम फाइनेंस 3.98 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 2.83 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज 2.74 प्रतिशत, टाटा स्टील 2.70 प्रतिशत और नेस्ले 1.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में आ गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story