चीनी अरबपति को पछाड़ मुकेश अंबानी एक बार फिर बने एशिया के शीर्ष दौलतमंद
- ग्लोबल लिस्ट में अभी भी टॉप 20 से बाहर
नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। मुकेश अंबानी एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। फोर्ब्स की ताजा रियल-टाइम रिपोर्ट के अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन ने टिकटॉक की मूल कंपनी बाइटडांस के सह-संस्थापक झांग यिमिंग को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है। आज मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति में साढ़े दस प्रतिशत की जोरदार बढ़ोतरी देखी गई, जिसके बाद उनका कुल नेटवर्थ बढ़कर 88.8 बिलियन डॉलर यानी करीब 7.4 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है। इस बंपर उछाल के साथ अंबानी अब दुनिया भर के रईसों की सूची में 22वें स्थान पर काबिज हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि मुकेश अंबानी की संपत्ति में आई इस रिकॉर्ड तेजी की मुख्य वजह रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सोमवार को दर्ज किया गया 12 प्रतिशत का ऐतिहासिक उछाल है। कंपनी के बेहतरीन दूसरी तिमाही के नतीजों के बाद निवेशकों ने सोमवार को जमकर खरीदारी की, जिससे रिलायंस के मार्केट कैप में एक ही दिन में करीब 1.6 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का इजाफा हो गया।
जुलाई से सितंबर तक की इस दूसरी तिमाही में कंपनी का कुल रेवेन्यू 28 प्रतिशत बढ़कर 3.62 लाख करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 34 प्रतिशत की बड़ी छलांग लगा कर रिकॉर्ड 29,550 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके अलावा हाल ही में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर जियो प्लेटफॉर्म्स के देश के सबसे बड़े आईपीओ की 27 प्रतिशत प्रीमियम के साथ हुई धमाकेदार लिस्टिंग ने भी कंपनी के वैल्यूएशन को तगड़ा बूस्ट दिया है।
इस उलटफेर के बाद जहां झांग यिमिंग 84 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ खिसक कर दुनिया के सबसे रईस लोगों की सूची में 25वें स्थान पर आ गए हैं, वहीं भारत के दूसरे बड़े उद्योगपति और अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी 80.1 बिलियन डॉलर के कुल नेटवर्थ के साथ दुनिया के रईसों की सूची में 26वें पायदान पर बने हुए हैं। रिलायंस के इस शानदार प्रदर्शन से बाजार के एक्सपर्ट्स भी काफी उत्साहित हैं, जिसके कारण साल 2017 के बाद पहली बार रिलायंस के स्टॉक पर किसी भी बड़े एनालिस्ट की 'होल्ड' या 'सेल' रेटिंग नहीं बची है। सभी बड़े एनालिस्ट फिलहाल इस रिलायंस के लिए 'बाई' की रेटिंग दे रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

