ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार

WhatsApp Channel Join Now
ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार


ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार


नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान महंगाई के ऊंचे आंकड़ों के कारण गिरावट के साथ बंद हुए थे। हालांकि, डाउ जोन्स फ्यूचर्स आज सुबह मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान भी मिला-जुला कारोबार होता हुआ दिखाई दिया। एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है, जिसमें ज्यादातर प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में काम कर रहे हैं। भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाला गिफ्ट निफ्टी भी आज सुबह अच्छी बढ़त दिखा रहा है।

अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट पर बिकवाली का दबाव रहा। अमेरिका में महंगाई के आंकड़े उम्मीद से ज्यादा रहे। इससे फेडरल रिजर्व द्वारा अगले महीने ब्याज दरों में बढ़ोतरी करने और सख्त रुख अपनाने की चिंता बढ़ गई। इस दबाव के कारण मंगलवार को डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 157.86 अंक यानी 0.30 प्रतिशत गिर कर 52,231.89 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एसएंडपी 500 इंडेक्स भी 29.01 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 7,520.93 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट इंडेक्स 187.26 अंक यानी 0.74 प्रतिशत टूट कर 25,065.87 अंक के स्तर पर आ गया। हालांकि, डाउ जोन्स फ्यूचर्स आज सुबह फिलहाल 103.09 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की तेजी के साथ 52,334.98 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला रुख बना रहा। फ्रांस के सीएसी इंडेक्स ने 77.20 अंक यानी 0.93 प्रतिशत की शानदार बढ़त दर्ज करते हुए 8,310.50 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसी तरह जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स भी 80.26 अंक यानी 0.30 प्रतिशत की तेजी के साथ 26,347.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके विपरीत, ब्रिटेन के एफटीएसई इंडेक्स में बिकवाली का दबाव रहा, जिसके चलते यह सूचकांक 31.28 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,751.59 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

ग्लोबल मार्केट के इन मिले-जुले संकेतों के बीच एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला रुख बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ प्रमुख बाजार में से छह के सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में काम कर रहे हैं। वहीं, तीन सूचकांक दबाव के कारण लाल निशान में बने हुए हैं। भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाला गिफ्ट निफ्टी आज सुबह 106.50 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,435 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

ताइवान स्टॉक एक्सचेंज पर आज जबरदस्त तेजी देखी जा रही है, जहां ताइवान वेटेड इंडेक्स 1,130.10 अंक यानी 2.65 प्रतिशत उछल कर 43,842.02 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में भी आज जोरदार मजबूती का माहौल है। यह सूचकांक फिलहाल 109.43 अंक यानी 2.09 प्रतिशत की छलांग लगा कर 5,348.56 अंक के स्तर पर आ गया है। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स भी 667.42 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की तेजी के साथ 61,127 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

इसके अलावा सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 39.80 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की मजबूती के साथ 5,313.77 अंक के स्तर पर बना हुआ है। थाईलैंड के सेट कंपोजिट इंडेक्स में भी आज सुधार दिख रहा है और यह 9.05 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,505.36 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

दूसरी ओर, हॉन्गकॉन्ग के शेयर बाजार में आज सुस्ती का रुख हावी है, जहां हैंगसेंग इंडेक्स 227.04 अंक यानी 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,330 अंक के स्तर पर फिसल गया है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी 8.77 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,654.95 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह इंडोनेशिया के बाजार में भी हल्का दबाव है, जिसके कारण जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 3.45 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 5,122.28 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775129 Articles

Share this story