ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार

WhatsApp Channel Join Now
ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार


नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद होने में सफल रहे थे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। वहीं एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।

टेक शेयरों में आई तेजी के कारण अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान पॉजिटिव माहौल बना रहा। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 363.37 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की मजबूती के साथ 51,032.34 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,580.06 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 0.20 प्रतिशत उछल कर 26,972.62 अंक के स्तर पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 51,074.46 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान दबाव में कारोबार करने के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,409.28 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,183.34 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। दूसरी ओर डीएएक्स इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 25,104.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। दूसरी ओर, तीन एशियाई बाजार के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। थाईलैंड के स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से आज सेट कंपोजिट इंडेक्स में कोई बदलाव नजर नहीं आ रहा है।

गिरावट के साथ कारोबार कर रहे एशियाई बाजार में गिफ्ट निफ्टी 76 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,614 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.12 प्रतिशत टूट कर 4,063.72 अंक के स्तर पर आ गया है। वहीं इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स फिलहाल 0.05 प्रतिशत लुढ़क कर 6,127.38 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 483.50 अंक यानी 0.73 प्रतिशत की मजबूती के साथ 66,813 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 215.61 अंक यानी 0.85 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,398 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। कोस्पी इंडेक्स ने आज जोरदार छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 371.99 अंक यानी 4.39 प्रतिशत उछल कर 8,848.14 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 682.13 अंक यानी 1.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 45,415.07 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स फिलहाल 0.97 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,037.86 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story