ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में भी तेजी का रुख

WhatsApp Channel Join Now
ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में भी तेजी का रुख


नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बढ़त के साथ बंद हुए । डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज तेजी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार खरीदारी होती रही। वहीं एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर खरीदारी का रुख बना हुआ है।

अमेरिका में बैंकों की अच्छी कमाई होने और महंगाई की रिपोर्ट पहले से की गई उम्मीद से कम रहने के कारण पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट में तेजी का रुख बना रहा। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.02 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 52,508.66 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.38 प्रतिशत उछल कर 7,543.59 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 233.83 अंक यानी 0.90 प्रतिशत की छलांग लगा कर 26,107.01 अंक के स्तर पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.16 प्रतिशत की मजबूती के साथ 52,590.23 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.30 प्रतिशत की तेजी के साथ 10,529.39 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,366.85 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,147.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशिया में भी आज लिवाली का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक हरे निशान में और एक सूचकांक लाल निशान में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। एशियाई बाजार में चीन के स्टॉक एक्सचेंज में मामूली गिरावट के साथ कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,963.90 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 182 अंक यानी 0.76 प्रतिशत उछल कर 24,196.50 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.78 प्रतिशत की छलांग लगा कर 1,638.78 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज जबरदस्त मजबूती नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 565.04 अंक यानी 8.24 प्रतिशत की उछाल के साथ 7,421.87 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

ताइवान वेटेड इंडेक्स ने भी आज जोरदार तेजी दिखाई है। फिलहाल यह सूचकांक 947.46 अंक यानी 2.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 45,685.41 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 342.27 अंक यानी 1.41 प्रतिशत उछल कर 24,683 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा निक्केई इंडेक्स 875.50 अंक यानी 1.29 प्रतिशत की छलांग लगा कर 68,619 अंक के स्तर पर, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.97 प्रतिशत की उछाल के साथ 5,549.07 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.54 प्रतिशत की मजबूती के साथ 6,071.99 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story