ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार

WhatsApp Channel Join Now
ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार


नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। इसी तरह एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।

अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही, जिसकी वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 460 अंक यानी 0.90 प्रतिशत से अधिक की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.18 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 7,709.96 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 0.06 प्रतिशत टूट कर 26,348.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 94.48 अंक यानी 0.18 प्रतिशत लुढ़क कर 53,790.62 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के कारोबार के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,867.89 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके विपरीत सीएसी इंडेक्स ने 0.35 प्रतिशत की मजबूती के साथ 8,699.71 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 26,140.13 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं, जबकि चार सूचकांक हरे निशान में कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.98 प्रतिशत की मजबूती के साथ 5,694.34 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.70 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,388.48 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.59 प्रतिशत उछल कर 3,923.41 अंक के स्तर पर और हैंग सेंग इंडेक्स 0.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,603 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 101 अंक यानी 0.41 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,647 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 183.75 अंक यानी 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 44,212.95 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। इसके अलावा कोस्पी इंडेक्स 0.52 प्रतिशत फिसल कर 6,263.86 अंक के स्तर पर, सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.24 प्रतिशत टूट कर 1,610.72 अंक के स्तर पर और निक्केई इंडेक्स 96.26 अंक यानी 0.15 प्रतिशत फिसल कर 65,587 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story