ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार

WhatsApp Channel Join Now
ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार


नई दिल्ली, 11 मई (हि.स.)। क्रूड ऑयल की कीमत में आई तेजी के कारण ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद हुए थे, लेकिन डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान कमजोरी के साथ बंद हुए थे। वहीं एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।

अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक तेजी के साथ 49,609.16 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। दूसरी ओर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े स्टॉक्स में आई तेजी के कारण एस एंड पी 500 इंडेक्स और नैस्डेक रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने में सफल रहे। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.84 प्रतिशत की मजबूती के साथ 7,398.93 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 440.88 अंक यानी 1.71 प्रतिशत उछल कर 26,247.08 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज 106.84 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 49,502.32 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। एफटीएसई इंडेक्स 0.43 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,233.07 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 186.85 अंक यानी 2.30 प्रतिशत टूट कर 8,112.57 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 324.98 अंक यानी 1.34 प्रतिशत लुढ़क कर 24,338.63 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। गिफ्ट निफ्टी 339.50 अंक यानी 1.40 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,900.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 84.55 अंक यानी 1.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,884.85 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स 71.71 अंक यानी 0.27 प्रतिशत लुढ़क कर 26,322 अंक के स्तर पर और निक्केई इंडेक्स 88.65 अंक यानी 0.14 प्रतिशत टूटकर 62,625 अंक के स्तर पर कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं।

दूसरी ओर, ताइवान वेटेड इंडेक्स 378.55 अंक यानी 0.91 प्रतिशत की मजबूती के साथ 41,982.49 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.94 प्रतिशत उछल कर 4,219.13 अंक के स्तर पर आ गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज जोरदार तेजी नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 334.27 अंक यानी 4.46 प्रतिशत की छलांग लगा कर 7,832.27 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। इसके अलावा स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.29 प्रतिशत की मजबूती के साथ 4,936.34 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,503.72 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story