गिरावट के साथ बंद हुआ घरेलू शेयर बाजार, निवेशकों को 2.53 लाख करोड़ की चपत

WhatsApp Channel Join Now
गिरावट के साथ बंद हुआ घरेलू शेयर बाजार, निवेशकों को 2.53 लाख करोड़ की चपत


नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। निफ्टी की वीकली एक्सपायरी के दिन आज घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी मामूली गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद दिन के पहले सत्र में ज्यादातर समय बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी और सेंसेक्स दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ गई। दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिसके कारण बाजार कुछ हद तक रिकवर करने में सफल रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.49 प्रतिशत और निफ्टी 0.46 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 32.67 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 78,509.77 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक लुढ़कता चला गया। लगातार हुई बिकवाली के कारण दोपहर 12 बजे के करीब सेंसेक्स 494.18 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 78,048.26 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। दोपहर 12 बजे के बाद हुई खरीदारी के कारण सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 100 अंक से अधिक की रिकवरी कर 388.19 अंक के गिरावट के साथ 78,154.25 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 8.70 अंक यानी 0.04 प्रतिशत फिसल कर 24,575.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही शेयरों की चौतरफा बिक्री शुरू हो गई, जिसके कारण यह सूचकांक गिरता चला गया। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण दिन के पहले सत्र के अंत तक निफ्टी 154.55 अंक यानी 0.63 प्रतिशत टूट कर 24,429.25 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर बाजार को सहारा देने की कोशिश की, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी मामूली सुधार होता हुआ नजर आने लगा। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी दिन के निचले स्तर से 40 अंक से अधिक सुधर कर 112.10 अंक की कमजोरी के साथ 24,471.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज पूरे दिन के कारोबार में फार्मास्यूटिकल और आईटी सेक्टर के शेयरों में खरीदारी का जोर बना रहा। इसी तरह ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी मामूली बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा। दूसरी ओर, एफएमसीजी, मेटल और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में आज लगातार बिकवाली होती रही। इसी तरह बैंकिंग, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा। निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसके विपरीत स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.22 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में ढाई लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 492.78 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 495.31 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.53 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,510 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,033 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,279 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 198 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। दूसरी ओर, एनएसई में आज 3,041 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,270 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,771 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से पांच शेयर बढ़त के साथ और 25 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 13 शेयर हरे निशान में और 37 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज पूरे दिन हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 3.99 प्रतिशत, एटरनल 2.50 प्रतिशत, टीसीएस 0.82 प्रतिशत, टाइटन कंपनी 0.75 प्रतिशत और इन्फोसिस 0.65 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 2.77 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 2.71 प्रतिशत, नेस्ले 2.32 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 2.14 प्रतिशत और अपोलो हॉस्पिटल 1.81 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story