कच्चे तेल की धुन पर नाचा शेयर बाजार, निचले स्तर से शानदार रिकवरी के बावजूद लाल निशान में बंद हुए सेंसेक्स-निफ्टी

WhatsApp Channel Join Now
कच्चे तेल की धुन पर नाचा शेयर बाजार, निचले स्तर से शानदार रिकवरी के बावजूद लाल निशान में बंद हुए सेंसेक्स-निफ्टी


नई दिल्ली, 11 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज पूरे दिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की चाल के आधार पर कारोबार करता रहा। कच्चे तेल की कीमत में आए उछाल की वजह से आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। कच्चे तेल की कीमत जैसे जैसे बढ़ती गई, वैसे-वैसे शेयर बाजार की कमजोरी भी बढ़ती चली गई। हालांकि, भारतीय समय के मुताबिक सुबह 10 बजे के करीब 108.77 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंचने के बाद कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आ गई, जिससे शेयर बाजार की चाल में भी सुधार होने लगा।

इंट्रा-डे में सेंसेक्स 756.99 अंक की रिकवरी करने में सफल रहा। इसी तरह निफ्टी भी दिन के निचले स्तर से 216.70 अंक तक उछल गया। शाम तीन बजे के करीब कच्चे तेल की कीमत में आई हल्की तेजी की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल एक बार फिर कमजोर पड़ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.16 प्रतिशत और निफ्टी 0.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 593.43 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,309.16 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक 742.43 अंक यानी 0.99 प्रतिशत फिसल कर 74,160.16 अंक के स्तर तक चला गया। इस गिरावट के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से सेंसेक्स की चाल में सुधार होने लगा।

बाजार में शेयरों की लगातार हो रही खरीदारी के कारण आज का कारोबार खत्म होने के कुछ देर पहले यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 756.99 अंक की रिकवरी कर 14.56 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ हरे निशान में 74,917.15 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, आखिरी 10 मिनट के कारोबार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 135.39 अंक लुढ़क कर 120.83 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,781.76 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 207.50 अंक यानी 0.88 प्रतिशत टूट कर 23,270.30 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से यह सूचकांक 246.40 अंक यानी 1.05 प्रतिशत फिसल कर 23,231.40 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार से कच्चे तेल की कीमत में रिकवरी होने की खबर आते ही निफ्टी की चाल में भी सुधार होने लगा।

कच्चे तेल की कीमत में रिकवरी की खबर से उत्साहित निवेशकों ने बाजार में चौतरफा खरीदारी शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी का रुख बन गया। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 216.70 अंक सुधर कर 23,448.10 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इस स्तर पर एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से निफ्टी करीब 50 अंक फिसल कर 79.70 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,398.10 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान मेटल और रियल्टी सेक्टर के शेयरों की लगातार बिकवाली होती रही। बिकवाली के दबाव की वजह से बीएसई का मेटल इंडेक्स 2.40 प्रतिशत टूट गया। इसी तरह रियल्टी इंडेक्स ने भी दो प्रतिशत से अधिक का गोता लगाया। इसके अलावा ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, बैंकिंग और आईटी सेक्टर के शेयरों में खरीदारी के सपोर्ट से आज लगातार तेजी का रुख बना रहा। चौतरफा बिकवाली का माहौल होने के बावजूद निफ्टी का बैंकिंग इंडेक्स 0.24 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी के आईटी इंडेक्स ने 0.11 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.26 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज ब्रॉडर मार्केट में बने बिकवाली के दबाव की वजह से स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी आ गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 481.56 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 485.07 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.51 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान एनएसई में 3,226 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,220 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,006 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर बढ़त के साथ और 19 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 12 शेयर हरे निशान में, 37 शेयर लाल निशान में और एक शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए।

आज पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचडीएफसी बैंक 2.08 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.97 प्रतिशत, टेक महिंद्रा एक प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 0.73 प्रतिशत और विप्रो 0.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 3.21 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 2.99 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 2.17 प्रतिशत, टाटा स्टील 2.02 प्रतिशत और ओएनजीसी 2.01 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story