उतार-चढ़ाव के बाद लाल निशान में बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

WhatsApp Channel Join Now
उतार-चढ़ाव के बाद लाल निशान में बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के


- बाजार की कमजोरी के बावजूद निवेशकों को हुआ 1.17 लाख करोड़ का मुनाफा

नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। सोमवार को शेयर बाजार में आई जोरदार तेजी के बाद आज हुई मुनाफा वसूली, अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ने की आशंका और एनएसई के पांच सूचकांकों और स्टॉक्स के डेरिवेटिव कांट्रैक्ट्स की मंथली एक्सपायरी होने की वजह से घरेलू शेयर बाजार में आज पूरे दिन तेज उठापटक का माहौल बना रहा। दिन भर के उतार चढ़ाव के बाद शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में बना बंद हुआ। सेंसेक्स आज ऊपरी स्तर से 700 अंक से अधिक फिसल गया। इसी तरह निफ्टी भी ऊपरी स्तर से 200 अंक से अधिक टूट गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.63 प्रतिशत और निफ्टी 0.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बैंकिंग, रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में लगातार बिकवाली होती रही। इसी तरह आईटी, हेल्थकेयर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंटेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, मेटल और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में आज लगातार खरीदारी होती रही। इसके अलावा ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.54 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.35 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के बावजूद स्मॉल और मिडकैप शेयरों में हुई खरीदारी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 468.91 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 467.74 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.17 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,385 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,169 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,033 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 183 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,973 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,402 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,571 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से आठ शेयर बढ़त के साथ और 22 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 18 शेयर हरे निशान में और 32 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 264.82 अंक की कमजोरी के साथ 76,224.14 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। कारोबार के दौरान बीच-बीच में बिकवाली के मामूली झटके भी लगते रहे, इसके बावजूद सेंसेक्स ओपनिंग लेवल से 400 अंक से अधिक की रिकवरी कर 138.08 अंक की मजबूती के साथ 76,627.04 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा।

इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण इस सूचकांक ने दोबारा लाल निशान में गोता लगा दिया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 717.36 अंक टूट कर 579.28 अंक की कमजोरी के साथ 75,909.68 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से करीब 100 अंक की रिकवरी कर 479.26 अंक की गिरावट के साथ 76,009.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 27.60 अंक फिसल कर 24,004.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी ने ओपनिंग लेवल से 85 अंक से अधिक की रिकवरी कर हरे निशान में 24,089.80 अंक तक पहुंचने में सफलता हासिल कर ली। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से यह सूचकांक में दोबारा लाल निशान में गिर गया।

लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 204.35 अंक लुढ़क कर 146.25 की गिरावट के साथ 23,885.45 अंक के स्तर तक आ गया। अंत में दिन के सौदों के निपटारे की वजह से हुई खरीदारी के कारण निफ्टी निचले स्तर से मामूली रिकवरी कर 118 अंक की कमजोरी के साथ 23,913.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अदानी एंटरप्राइजेज 4.20 प्रतिशत, टीएमपीवी 3.31 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.62 प्रतिशत, नेस्ले 1.06 प्रतिशत और एटरनल 1.01 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, अपोलो हॉस्पिटल 1.73 प्रतिशत, विप्रो 1.50 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.49 प्रतिशत, ट्रेंट लिमिटेड 1.40 प्रतिशत और टीसीएस 1.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story