कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल, डब्ल्यूटीआई 116 डॉलर प्रति बैरल के पार
नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स)। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध संकट और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को दी गई चेतावनी के बाद कच्चे तेल की कीमतों में 3 फीसदी से ज्यादा का उछाल आया है, जिससे कीमतें नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंगलवार को कच्चा तेल की कीमत में 3 फीसदी से ज्यादा का उछाल देखने को मिला है। मई में आपूर्ति वाले वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) कच्चे तेल का वायदा भाव 4.14 डॉलर यानी 3.7 फीसदी की बढ़त के साथ 116.55 डॉलर प्रति बैरल हो गया। ब्रेंट तेल के जून में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 1.5 फीसदी चढ़कर 111.40 डॉलर प्रति बैरल हो गई है।
ब्रेंट क्रूड ने पश्चिम एशिया संघर्ष की शुरुआत के बाद से 60 फीसदी से अधिक की वृद्धि दर्ज की है। विश्लेषकों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में वैश्विक आपूर्ति के जटिल हालात और ऊर्जा निर्यात के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर मौजूदा अनिश्चितता के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ रही हैं। व्यापारियों को आपूर्ति में संभावित बाधा और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर चिंता बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

