राजनीति में महिलाओं की भूमिका, विकसित भारत 2047 के लिए अर्थव्यवस्था की कुंजी: मांडविया
नई दिल्ली, 20 जून (हि.स)। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डां. मनसुख मांडविया ने शनिवार को कहा कि महिलाएं भारत की विकास यात्रा की केवल भागीदार नहीं, बल्कि देश के भविष्य की वास्तविक निर्माता हैं।
डां. मांडविया ने नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित पांचवें नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल (नारेडको) माही रियल एस्टेट सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि 2047 तक ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य महिलाओं की पूर्ण भागीदारी, नेतृत्व और आर्थिक योगदान के बिना संभव नहीं है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं की बराबर भागीदारी के बिना एक विकसित भारत (विकसित भारत 2047) का सपना पूरा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि महिलाएं आर्थिक विकास, सामाजिक बदलाव और राष्ट्र निर्माण की मुख्य वजह हैं। विकसित भारत 2047 की यात्रा महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, नेतृत्व और आर्थिक योगदान के बिना पूरी नहीं हो सकती।
मांडविया ने कहा कि नारेडको माही जैसी पहल अब केवल चर्चा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि एक प्रभावशाली आंदोलन का रूप ले चुकी हैं, जो महिला पेशेवरों, उद्यमियों और परिवर्तनकर्ताओं के लिए मंच उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने कहा, “महिलाएं भारत की वृद्धि गाथा की केवल भागीदार नहीं हैं, बल्कि इसकी निर्माता हैं।
मंत्री ने कहा कि सम्मेलन का विषय महिलाओं के लिए अवसरों के विस्तार और पारंपरिक धारणाओं को तोड़ने की आवश्यकता को दर्शाता है। मांडविया ने कहा, ‘’जब महिलाएं नेतृत्व करती हैं, तो उद्योग विकसित होते हैं, समाज समृद्ध होता है और राष्ट्र आगे बढ़ता है।”
श्रम एवं रोजगार मंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा कि एक मजबूत कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री ही विकसित भारत की नींव है। आज भारत बिल्डकॉन में नारेडको ‘माही’ कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन किया और बिल्डिंग मटीरियल के अलग-अलग एग्ज़िबिशन स्टॉल्स को देखने का मौका मिला।
नारेडको माही की अध्यक्ष स्मिता पाटिल ने संगठन के पांच वर्ष पूरे होने पर इसके सफर को याद किया और कहा कि यह पहल अब देशभर में रियल एस्टेट क्षेत्र की महिला नेतृत्व क्षमता का मजबूत नेटवर्क बन चुकी है। संगठन कौशल विकास, मार्गदर्शन, उद्यमिता, स्थिरता और सामुदायिक सहभागिता पर कार्य कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि नारेडको माही रियल एस्टेट सम्मेलन 2026 ‘प्रभाव से प्रेरणा तक’ विषय पर आयोजित सम्मेलन में रियल एस्टेट क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है ।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

