साप्ताहिक समीक्षा : उतार-चढ़ाव के बीच क्रिप्टो बाजार में गिरावट का रुख

WhatsApp Channel Join Now
साप्ताहिक समीक्षा : उतार-चढ़ाव के बीच क्रिप्टो बाजार में गिरावट का रुख


- बिटकॉइन 59,250 डॉलर और एथेरियम 1,642 डॉलर पर आया

नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। अमेरिकी स्पॉट ईटीएफ से लगातार पूंजी निकासी और फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति की आशंकाओं के चलते इस सप्ताह ग्लोबल क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में साप्ताहिक गिरावट दर्ज की गई, जिससे बिटकॉइन 60,000 डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसल कर 59,250 डॉलर के आसपास आ गया।

ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट के लिए सोमवार से रविवार तक का यह सप्ताह भारी उठापटक और अस्थिरता वाला साबित हुआ। सप्ताह की शुरुआत में निचले स्तरों से शानदार रिकवरी के साथ बाजार ने लगातार तीन दिनों तक तेजी दर्ज की, लेकिन सप्ताहांत में संस्थागत निवेशकों की बिकवाली और मुनाफावसूली के दबाव ने सारी बढ़त गंवा दी। आंकड़ों के अनुसार नवंबर महीने में अब तक अमेरिकी स्पॉट ईटीएफ से रिकॉर्ड पूंजी निकासी हुई है, जिससे निवेशकों की धारणा सतर्क और अत्यधिक डर के दायरे में बनी हुई है।

साप्ताहिक कारोबार के दौरान ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप में उतार-चढ़ाव के बाद कुल मिलाकर गिरावट दर्ज की गई। सप्ताह की शुरुआत में 2.16 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर मौजूद कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन मध्य सप्ताह की तेजी के बाद सप्ताहांत में फिसल कर लगभग 2.08 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर आ गया। बाजार में बिटकॉइन की हिस्सेदारी यानी मार्केट डोमिनेंस लगभग 57 प्रतिशत के स्तर पर मजबूती के साथ बनी हुई है।

दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन की साप्ताहिक चाल बेहद अस्थिर रही। सोमवार को करीब 60,530 से 61,098 डॉलर के स्तर पर कारोबार करने वाला बिटकॉइन सप्ताह के दौरान 61,706.75 डॉलर के ऊपरी स्तर तक गया। हालांकि, सप्ताहांत में बिकवाली हावी होने से यह 60,000 डॉलर के नीचे लुढ़क कर रविवार सुबह 59,187 डॉलर के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। साप्ताहिक आधार पर बिटकॉइन में करीब 2.30 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि इसका अलग मार्केट कैप 1.24 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर रहा।

इसी तरह दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम को इस सप्ताह बिटकॉइन के मुकाबले अधिक नुकसान उठाना पड़ा। सोमवार को लगभग 1,704 से 1,716 डॉलर के स्तर के बीच कारोबार कर रहा एथेरियम शुक्रवार की तेजी में 1,743.39 डॉलर तक उछला था। लेकिन ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली के चलते यह आज फिसल कर 1,640.07 डॉलर के स्तर पर आ गया। साप्ताहिक आधार पर एथेरियम में लगभग 3.90 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई है और इसका इंडिविजुअल मार्केट कैप घट कर 200.51 अरब डॉलर रह गया।

टॉप 15 क्रिप्टो कॉइन्स के साप्ताहिक प्रदर्शन पर नजर डालें तो मोनेरो और हाइपरलिक्विड को छोड़ कर अधिकतर प्रमुख कॉइन्स दबाव में रहे। बिनेंस कॉइन यानी बीएनबी साप्ताहिक उतार-चढ़ाव के बाद 549.63 से 566.29 डॉलर, सोलाना 70.13 से 73.02 डॉलर और रिपल यानी एक्सआरपी 0.939 से 0.9684 डॉलर के दायरे में कारोबार करता दिखा। इसके अलावा ट्रॉन 0.299 से 0.3054 डॉलर, कार्डानो 0.1529 डॉलर, चेनलिंक 9.68 डॉलर, डॉगकॉइन 0.0567 से 0.0580 डॉलर, जीकैश 718.59 से 762.62 डॉलर और लियो टोकन 9.05 से 9.13 डॉलर के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। वहीं मोनेरो साप्ताहिक बढ़त के साथ 435.21 से 464.59 डॉलर और हाइपरलिक्विड 62.81 से 66.15 डॉलर के स्तर पर मजबूत बने रहे, जबकि स्टेबल कॉइन्स टेथर 0.999 डॉलर और यूएसडी कॉइन 1 डॉलर पर स्थिर रहे।

बाजार के तकनीकी विशेषज्ञों और विश्लेषकों के अनुसार, बिटकॉइन के लिए अब 58,000 डॉलर का स्तर सबसे महत्वपूर्ण तत्काल सपोर्ट बना हुआ है, जिसके नीचे फिसलने पर 55,000 डॉलर के बड़े सपोर्ट की ओर दबाव बढ़ सकता है। ऊपर की ओर अब 61,200 से 62,900 डॉलर के बीच मजबूत रेजिस्टेंस मौजूद है। इसी तरह एथेरियम के लिए जानकारों ने 1,600 से 1,620 डॉलर को पहला अहम सपोर्ट और 1,706 से 1,755 डॉलर के दायरे को अगला बड़ा रेजिस्टेंस बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story