वेदांता का लक्ष्य सभी स्तरों पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर 35 फीसदी करना

WhatsApp Channel Join Now
वेदांता का लक्ष्य सभी स्तरों पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर 35 फीसदी करना


नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स)। वेदांता समूह ने अपने संगठन के सभी स्तरों पर महिलाओं की भागीदारी को मौजूदा 23 फीसदी से बढ़ाकर 35 फीसदी करने का लक्ष्य रखा है।

कंपनी ने शनिवार को जारी एक बयान में 'हैशटैग हरएटदकोर' नामक राष्ट्रव्यापी अभियान और लिंक्डइन आधारित भर्ती अभियान शुरू करने का ऐलान किया। वेदांता ने इसके जरिए महिलाओं को खनन, धातु, तेल एवं गैस, बिजली और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए आमंत्रित किया है।

वेदांत की गैर-कार्यकारी निदेशक और हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की चेयरपर्सन प्रिया अग्रवाल हेब्बर ने कहा, ‘भारत की विकास संबंधी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए देश के प्रतिभावान कार्यबल की पूर्ण भागीदारी की जरूरत है। उन्होंने बताया कि वेदांता में आज महिलाएं हमारे कार्यबल का 23 फीसदी हैं, लेकिन यह केवल शुरुआत है। हमारा लक्ष्य इसे बढ़ाकर 35 फीसदी और अंततः इसको 50 फीसदी करने का है।’

प्रिया अग्रवाल हेब्बर ने कहा, ‘हम न केवल प्रतिनिधित्व बढ़ा रहे हैं, बल्कि प्रणालियों को नया रूप दे रहे हैं, उन्नत प्रौद्योगिकीयां तैनात कर रहे हैं। ऐसे सहायता ढांचे तैयार कर रहे हैं, जो महिलाओं को मुख्य उद्योगों में आगे बढ़ने में सक्षम बनाएंगे।’

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story