उत्तराखंड से 24 मीट्रिक टन फ्रोजन फ्रेंच फ्राइज की पहली खेप भेजी गई

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड से 24 मीट्रिक टन फ्रोजन फ्रेंच फ्राइज की पहली खेप भेजी गई


उत्तराखंड से 24 मीट्रिक टन फ्रोजन फ्रेंच फ्राइज की पहली खेप भेजी गई


नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के काशीपुर से 24 मीट्रिक टन फ्रोजन फ्रेंच फ्राइज की पहली खेप इराक भेजी गई है। इसका निर्यात विरून ग्लोबल ट्रेड प्राइवेट लिमिटेड ने किया है।

कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर से इराक को 24 मीट्रिक टन (एमटी) फ्रोजन फ्रेंच फ्राइज के पहले निर्यात में सहायता प्रदान की है। ये खेप उत्तराखंड से मूल्यवर्धित कृषि निर्यात को बढ़ावा देने और देश के प्रसंस्कृत खाद्य निर्यात को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

एपीडा अध्यक्ष अभिषेक देव ने कहा कि उत्तराखंड जैसे भू-आबद्ध राज्यों से निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता पर लॉजिस्टिक्स लागत का लगातार प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एपीडा निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार लाने और निर्यातकों के लिए अधिक बाजार पहुंच को सुगम बनाने के उद्देश्य से परिवहन सहायता प्रावधानों सहित राज्य कृषि निर्यात नीति के निर्माण और कार्यान्वयन पर उत्तराखंड सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुताबिक एपीडा ने निर्यातक को सियाल, गल्फूड, इंडसफूड और वर्ल्ड फ़ूड इंडिया सहित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनियों में भाग लेने में सहयोग दिया है, जिससे बाजार तक व्यापक पहुंच और खरीदारों के साथ बेहतर जुड़ाव संभव हुआ है।

भारत प्रसंस्कृत कृषि उत्पादों के वैश्विक आपूर्तिकर्ता के रूप में अपनी स्थिति लगातार सुदृढ कर रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान प्रसंस्कृत सब्जियों का भारत का निर्यात 932.25 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जिसमें 7,26,874.70 मीट्रिक टन उत्पाद शामिल थे। इसमें मूल्यवर्धित आलू उत्पादों का निर्यात 277,108.51मीट्रिक टन था, जिसका मूल्य 289.40 मिलियन यूएस डॉलर था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story