यूपीआई लेन-देन जुलाई में 29.9 लाख करोड़ रुपये के नए रिकॉर्ड स्तर पर

WhatsApp Channel Join Now
यूपीआई लेन-देन जुलाई में 29.9 लाख करोड़ रुपये के नए रिकॉर्ड स्तर पर


यूपीआई लेन-देन जुलाई में 29.9 लाख करोड़ रुपये के नए रिकॉर्ड स्तर पर


नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। ऑनलाइन पेमेंट की लोकप्रियता दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) के आंकड़ों के मुताबिक लोकप्रिय यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के जरिए होने वाले लेन-देन का मूल्य जुलाई में फिर से 29.9 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।

एनपीसीआई की शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार जुलाई माह में लेन-देन की संख्या 23.66 अरब रही है, जो मई के 23.2 अरब और जून के 22.72 अरब से अधिक है। इससे पहले मई, 2026 में भी यूपीआई के जरिए लेन-देन 29.9 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था।

आंकड़ों के मुताबिक जुलाई में लेन-देन का मूल्य 29.88 लाख करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी महीने में 25.08 लाख करोड़ रुपये था। इस प्रकार इसमें सालाना आधार पर 19 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। यूपीआई के जरिए लेन-देन अब यूएई, सिंगापुर, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, फ्रांस, मॉरीशस और कतर सहित लगभग दस देशों में सक्रिय है।

जानकारों का कहना है कि ”यूपीआई भारत के डिजिटल भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र की नींव को लगातार मजबूत कर रहा है। इसने जुलाई, 2026 में 29.88 लाख करोड़ रुपये मूल्य के 23.66 अरब लेनदेन को संसाधित किया, जो लाखों भारतीयों के लिए भुगतान के पसंदीदा माध्यम के रूप में इसकी भूमिका की पुष्टि करता है।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story