गन्ना मूल्य भुगतान नहीं करने पर बिलाई चीनी मिल के विरोध में किसान

WhatsApp Channel Join Now
गन्ना मूल्य भुगतान नहीं करने पर बिलाई चीनी मिल के विरोध में किसान


बिजनौर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने शुक्रवार को गन्ना मूल्य वृद्धि सहित किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर गन्ना समिति बिजनौर में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन ने पेराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ने का मूल्य घोषित करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद अपर जिलाधिकारी अंशिका दीक्षित को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

प्रदर्शन के दौरान बिलाई शुगर मिल के खिलाफ चल रहे ‘भुगतान नहीं तो गन्ना नहीं’ आंदोलन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने मिल को गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों के भुगतान में देरी का आरोप लगाते हुए करीब 10 हजार किसानों के शपथ पत्र प्रशासन को सौंपे। संगठन का दावा है कि कुल 31 हजार 753 गन्ना आपूर्तिकर्ता किसानों में से 20 हजार किसानों ने भुगतान न होने की स्थिति में अपना गन्ना दूसरी चीनी मिल को आवंटित कराने का अनुरोध किया है।

संगठन ने आरोप लगाया कि बिलाई शुगर मिल के शीरे से संबंधित लगभग आठ करोड़ 15 लाख रुपये तथा खोई से संबंधित करीब 10 करोड़ रुपये की राशि डायवर्ट की गई है। इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी और मिल प्रबंधन की भूमिका की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जिला आबकारी अधिकारी को अपने बीच बैठाकर इस मामले में जवाब भी मांगा। संगठन ने कहा कि किसानों के गन्ना भुगतान के लिए निर्धारित धनराशि के उपयोग की जांच कराई जानी चाहिए।

जिला अध्यक्ष नितिन कुमार सिरोही ने कहा कि 31 हजार 753 किसानों में से 20 हजार किसानों के शपथ पत्र भरवाना किसानों के असंतोष को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग किसान संगठनों की आड़ में निजी हित साध रहे हैं। अवैध रूप से पेड़ कटवाना, मिट्टी के खनन करना, किसानों की जमीन कब्जाने तथा चुनाव और चुनाव आयोग की चिंता करने में व्यस्त हैं। वहीं हमारा संगठन भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक किसानों को अच्छे बीज, फसलों के लाभकारी मूल्य और दैवीय आपदा से हुए नुकसान की भरपाई जैसे मुद्दों पर संघर्ष कर रहा है। संगठन में किसी भी गलत कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस दौरान अतुल बालियान, लोकेंद्र सिंह डोडवाल, दुष्यंत कुमार राणा, अजय कुमार चौहान, महबूब प्रधान, राकेश प्रधान, अरविंद राजपूत, नौबहार सिंह, उदयवीर सिंह, ओमप्रकाश सिंह,शंकर सिंह, चौधरी बलराम सिंह, सरदार इकबाल सिंह, कुलबीर सिंह, समरपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह समेत अन्य किसान व संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story