बीएचईएल ने ग्रीन हाइड्रोजन के लिए नॉर्वे की हाइस्टार एएस से किया रणनीतिक समझौता
हरिद्वार, 13 अगस्त (हि.स.)। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए नॉर्वे की कंपनी हाइस्टार एएस के साथ रणनीतिक समझौता किया है। इस समझौते से भारत में ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं के लिए पीईएम इलेक्ट्रोलाइज़र प्रणाली का चरणबद्ध स्वदेशीकरण और स्थानीय विनिर्माण संभव हो सकेगा।
बीएचईएल की हरिद्वार इकाई के संचार एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार समझौते पर बीएचईएल की ओर से हेवी पावर इक्विपमेंट प्लांट, हैदराबाद के कार्यपालक निदेशक वाई श्रीनिवास राव और न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी बिजनेस के महाप्रबंधक सुतृप्तो डे तथा हाइस्टार एएस, नॉर्वे की ओर से सीईओ फ्रेड्रिक मोविल ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर रॉयल नॉर्वेजियन दूतावास के प्रभारी राजदूत अर्विन एकलैंड गाडगिल, बीएचईएल की निदेशक सुश्री बानी वर्मा, निदेशक एस एम रामनाथन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञप्ति के अनुसार पीईएम तकनीक के लिए हाइस्टार के साथ यह सहयोग बीएचईएल को उन चुनिंदा भारतीय कंपनियों में शामिल करेगा जो एल्कलाइन और पीईएम दोनों प्रकार के इलेक्ट्रोलाइज़र समाधान देने में सक्षम हैं। इससे देश के उभरते ग्रीन हाइड्रोजन बाजार में बीएचईएल की भूमिका और मजबूत होगी। साथ ही भारत में ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में कंपनी की क्षमता भी बढ़ेगी।
बीएचईएल पावर, ट्रांसमिशन, नवीकरणीय ऊर्जा, तेल-गैस, परिवहन, रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्रों में दशकों से कार्यरत है। कंपनी ने भारत के औद्योगिक ढांचे के निर्माण में अहम भूमिका निभाई है और अब अपनी इंजीनियरिंग व विनिर्माण क्षमताओं का उपयोग ग्रीन हाइड्रोजन जैसे स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्रों में कर रही है।
यह समझौता 'राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन' और 'मेक इन इंडिया' पहल को गति प्रदान करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

