राष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञ अमित दुबे ट्विनकैफे से जुड़े, साइबर सुरक्षा सलाहकार की संभालेंगे जिम्मेदारी
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। एआई आधारित डिजिटल ट्विन प्लेटफॉर्म ट्विनकैफे ने राष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञ, लेखक और साइबर सुरक्षा मामलों के जानकार अमित दुबे को अपना मेंटर और साइबर सुरक्षा सलाहकार नियुक्त किया है। डिजिटल पहचान, डीपफेक और साइबर अपराध से जुड़े बढ़ते खतरों के बीच कंपनी ने सुरक्षा और भरोसे को मजबूत बनाने के लिए यह कदम उठाया है। नोएडा में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में अमित दुबे के डिजिटल ट्विन को भी औपचारिक रूप से पेश किया गया, जो लोगों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल अपराधों से जुड़े मामलों में मार्गदर्शन देगा।
नोएडा के सेक्टर-98 स्थित ट्विनकैफे कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अमित दुबे, ट्विनकैफे के प्रबंध निदेशक संदीश गोयल तथा संस्थापक टीम के सदस्य एवं ब्रांड एवेंजेलिस्ट तरुण सिंघल मौजूद रहे। ट्विनकैफे को पहले आस्कसिला के नाम से जाना जाता था। अब रीब्रांडिंग के बाद डिजिटल ट्विन तकनीक के जरिए लेखकों, विशेषज्ञों और रचनाकारों को उनके ज्ञान, व्यक्तित्व और अनुभव के आधार पर बड़े स्तर पर लोगों से जोड़ने का काम कर रहा है। कंपनी ने जानकारी दी कि अमित दुबे का डिजिटल ट्विन अब प्लेटफॉर्म पर लाइव है और उपयोगकर्ताओं को ऑनलाइन खतरों से निपटने के लिए विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध कराएगा। कंपनी ने यह भी कहा कि एआई आधारित खतरों और डीपफेक हमलों में बढ़ोतरी के दौर में डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए सुरक्षा और विश्वसनीयता सबसे बड़ी प्राथमिकता बन चुकी है।
अमित दुबे ने कहा कि उन्होंने वर्षों तक प्रशिक्षण, टेलीविजन, रेडियो और लेखन के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने की कोशिश की है, लेकिन भारत में अच्छी और भरोसेमंद साइबर सुरक्षा सलाह की जरूरत किसी एक व्यक्ति की पहुंच से कहीं बड़ी है। उनका डिजिटल ट्विन यह सुनिश्चित करेगा कि छोटे शहर का छात्र, पहला कारोबार शुरू करने वाला उद्यमी, नौकरीपेशा व्यक्ति या ऑनलाइन धोखाधड़ी को लेकर चिंतित कोई वरिष्ठ नागरिक वास्तविक जांच अनुभव पर आधारित सलाह कभी भी प्राप्त कर सके। ट्विनकैफे में भरोसा हर चीज की नींव है और वह उसी भरोसे की रक्षा करने के लिए मंच से जुड़े हैं।
ट्विनकैफे के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशुतोष गर्ग ने कहा कि डिजिटल ट्विन की उपयोगिता उतनी ही है जितना लोग उस पर भरोसा करते हैं। जब कंपनी देश की प्रमुख हस्तियों के ज्ञान और अनुभव को ट्विनकैफे पर ला रही है, तब हर डिजिटल ट्विन और हर बातचीत की सुरक्षा सुनिश्चित करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि अमित दुबे का व्यापक अनुभव कंपनी को ऐसा मंच तैयार करने में मदद करेगा जिस पर व्यक्ति और संस्थान दोनों भरोसा कर सकें।
कंपनी की संस्थापक टीम के सदस्य, वरिष्ठ ग्रोथ लीडर और ब्रांड एवेंजेलिस्ट तरुण सिंघल ने कहा कि साइबर खतरे दफ्तर के समय का इंतजार नहीं करते और अच्छी सलाह भी केवल तय समय तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उनके अनुसार ट्विनकैफे पर अमित दुबे का डिजिटल ट्विन छात्रों से लेकर छोटे कारोबारियों तक सभी को साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में उनके वर्षों के अनुभव पर आधारित मार्गदर्शन देगा और विशेषज्ञता को आम लोगों तक पहुंचाने का यही वास्तविक तरीका है।
कंपनी के अनुसार ट्विनकैफे का उद्देश्य केवल एक एआई मंच बनाना नहीं है, बल्कि ऐसा डिजिटल माध्यम विकसित करना है जहां ज्ञान, अनुभव और व्यक्तित्व समय तथा भौगोलिक सीमाओं से आगे बढ़कर लोगों तक पहुंच सके। कंपनी का कहना है कि इस विस्तार के साथ सुरक्षा और भरोसे को उसकी बुनियादी प्राथमिकताओं में शामिल रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि ट्विनकैफे, विवेन एआई द्वारा विकसित एआई संचालित डिजिटल ट्विन प्लेटफॉर्म है। यह मंच लोगों को उनकी आवाज, व्यक्तित्व, ज्ञान और विशेषज्ञता पर आधारित एआई संस्करण तैयार करने तथा बड़े स्तर पर लोगों से जुड़ने की सुविधा देता है। कंपनी की स्थापना तकनीकी उद्यमी आशुतोष गर्ग ने की है और इसे खोसला वेंचर्स तथा फाउंडेशन कैपिटल से 3.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर की शुरुआती फंडिंग प्राप्त हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

