टीवीएस मोटर की अप्रैल में कुल बिक्री 7 फीसदी बढ़कर 4,73,970 इकाई

WhatsApp Channel Join Now
टीवीएस मोटर की अप्रैल में कुल बिक्री 7 फीसदी बढ़कर 4,73,970 इकाई


नई दिल्ली, 02 मई (हि.स)। देश एवं दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी मोटरसाइकिल विनिर्माता कंपनी टीवीएस मोटर की अप्रैल में कुल बिक्री सात फीसदी बढ़कर 4,73,970 इकाई रही, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने यह 4,43,716 इकाई रही थी।

कंपनी ने शनिवार को एक बयान में कहा कि दोपहिया वाहनों की बिक्री छह फीसदी बढ़कर 4,55,333 इकाई रही, जो अप्रैल 2025 में 4,30,150 इकाई रही थी। वहीं, घरेलू बाजार में दोपहिया वाहनों की बिक्री आठ फीसदी बढ़कर 3,48,545 इकाई रही, जबकि पिछले वर्ष यह 3,23,647 इकाई रही थी।

टीवीएस मोटर के अनुसार अप्रैल में मोटरसाइकिल बिक्री घटकर 2,00,039 इकाई रही, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 2,20,347 इकाई रही थी। वहीं, स्कूटर बिक्री 24 फीसदी बढ़कर 2,11,158 इकाई हो गई, जो एक वर्ष पहले 1,69,741 इकाई रही थी।

कंपनी के मुताबिक इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 36 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई और यह 37,771 इकाई रही, जबकि पिछले वर्ष यह 27,684 इकाई रही थी। इस दौरान तीन-पहिया वाहनों की बिक्री 37 फीसदी बढ़कर 18,637 इकाई रही, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 13,566 इकाई रही थी।

कंपनी ने बताया कि उसका कुल अंतरराष्ट्रीय कारोबार 3 फीसदी बढ़कर 1,20,008 इकाई रहा है, जो अप्रैल 2025 में 1,16,700 इकाई रहा था।

टीवीएस मोटर भारत में दोपहिया वाहनों की तीसरी सबसे बड़ी निर्माता कंपनी है। कंपनी की वैश्विक स्तर पर उपस्थिति है, जिसमें मध्य पूर्व, अफ्रीका, दक्षिण पूर्व एशिया, भारतीय उपमहाद्वीप, लैटिन और मध्य अमेरिका जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story