टॉप 10 कंपनियों के मार्केट कैप में बड़ा उलटफेर, जियो को पछाड़ तीसरे नंबर पर पहुंचा एचडीएफसी बैंक, एनएसई की भी हुई एंट्री

WhatsApp Channel Join Now
टॉप 10 कंपनियों के मार्केट कैप में बड़ा उलटफेर, जियो को पछाड़ तीसरे नंबर पर पहुंचा एचडीएफसी बैंक, एनएसई की भी हुई एंट्री


टॉप 10 कंपनियों के मार्केट कैप में बड़ा उलटफेर, जियो को पछाड़ तीसरे नंबर पर पहुंचा एचडीएफसी बैंक, एनएसई की भी हुई एंट्री


नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। विदेशी निवेशकों की रिकॉर्ड लिवाली और बैंकिंग शेयरों में आई जबरदस्त तेजी की बदौलत इस सप्ताह बीएसई की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूएबल कंपनियों की सूची में बड़ा बदलाव होता हुआ नजर आया। इस बदलाव के कारण एचडीएफसी बैंक ने जियो प्लेटफॉर्म्स को पीछे छोड़ कर एक बार फिर तीसरा स्थान हासिल कर लिया। वहीं, कुछ दिन पहले ही शेयर बाजार में लिस्ट हुए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप 10 कंपनियों की सूची में अपनी जगह बना ली, जबकि भारतीय जीवन बीमा निगम टॉप 10 की सूची से बाहर हो गई।

घरेलू शेयर बाजार में इस सप्ताह दर्ज की गई 2.9 प्रतिशत की शानदार तेजी का सीधा फायदा देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों को मिला है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई में लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन शुक्रवार को बढ़कर 514.18 लाख करोड़ रुपये के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया। पिछले सप्ताह की तुलना में बैंकिंग, टेलीकॉम और फाइनेंशियल सेक्टर की दिग्गज कंपनियों के वैल्यूएशन में जोरदार उछाल दर्ज किया गया, जिससे टॉप 10 कंपनियों की रैंकिंग में भी फेरबदल हुआ।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड इस सप्ताह भी 18,60,859.40 करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी के रूप में पहले पायदान पर मजबूती से कायम रही। शुक्रवार को कंपनी का शेयर 1,375.10 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। टेलीकॉम क्षेत्र की दिग्गज कंपनी भारती एयरटेल 13,45,140.00 करोड़ रुपये के मार्केट वैल्यूएशन के साथ दूसरे स्थान पर बनी रही। इसका शेयर सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को 2,155.50 रुपये के स्तर पर बंद हुआ।

इस सप्ताह की सबसे बड़ी हलचल तीसरे और चौथे पायदान पर देखने को मिली। देश के सबसे बड़े निजी बैंक एचडीएफसी बैंक के शेयरों में आई जोरदार रिकवरी के चलते बैंक का मार्केट कैप बढ़ कर 13,04,543.95 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एचडीएफसी बैंक ने 13 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करते हुए रिलायंस समूह की हाल ही में लिस्ट हुई कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स को पीछे छोड़ दिया और एक बार फिर तीसरा स्थान हासिल कर लिया। जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड 12,76,371.67 करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ चौथे स्थान पर रही। इसका शेयर सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को 1,386 रुपये के स्तर पर बंद हुआ।

बैंकिंग क्षेत्र की अन्य दो प्रमुख कंपनियों ने भी इस सप्ताह शानदार प्रदर्शन किया। आईसीआईसीआई बैंक 11,79,045.67 करोड़ रुपये के बाजार कैपिटलाइजेशन के साथ पांचवें स्थान पर कायम रहा। शुक्रवार को इसका शेयर 1,641 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, सरकारी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक यानी एसबीआई ने भी 10 लाख करोड़ रुपये के क्लब में अपनी स्थिति मजबूत रखी और 10,75,338.18 करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ छठे स्थान पर बना रहा। एसबीआई का शेयर शुक्रवार को 1,164.95 रुपये के भाव पर बंद हुआ।

सूचना प्रौद्योगिकी यानी आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) 8,59,295.79 करोड़ रुपये के मार्केट वैल्यूएशन के साथ सातवें पायदान पर रही, जिसका शेयर शुक्रवार को 2,375 रुपये पर बंद हुआ। गैर-बैंकिंग वित्तीय क्षेत्र की प्रमुख कंपनी बजाज फाइनेंस 7,10,091.57 करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ आठवें स्थान पर रही। इसका शेयर सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को 1,120 रुपये के स्तर पर बंद हुआ।

इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो यानी एलएंडटी 5,78,022.35 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण के साथ नौवें स्थान पर बनी रही, जिसका शेयर 4,201 रुपये के भाव पर बंद हुआ। वहीं, टॉप 10 सूची के दसवें पायदान पर बड़ा बदलाव नजर आया, जहां हाल ही में शेयर बाजार में लिस्ट हुए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड ने 5,49,524.25 करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ अपनी जगह पक्की कर ली। इस बदलाव के चलते भारतीय जीवन बीमा निगम यानी एलआईसी 5,18,143.81 करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ टॉप 10 सूची से फिसल कर ग्यारहवें स्थान पर आ गई।

बाजार एक्सपर्ट्स का मानना है कि विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारी खरीदारी के कारण लार्जकैप के बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में सबसे ज्यादा पैसा आ रहा है। एचडीएफसी बैंक के शेयरों में पिछले 15 कारोबारी सत्रों में आई 22 प्रतिशत की शानदार तेजी और एनएसई की लिस्टिंग ने टॉप 10 कंपनियों के समीकरण को पूरी तरह बदल दिया है। आगामी सप्ताह में भी इन दिग्गज कंपनियों के मार्केट कैप में फॉरेन कैपिटल इनफ्लो (विदेशी पूंजी प्रवाह) और तिमाही नतीजों के आधार पर उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781297 Articles

Share this story