टॉप 10 में शामिल देश की 6 कंपनियों के मार्केट कैप में 88 हजार करोड़ की बढ़ोतरी, आईसीआईसीआई बैंक को सबसे ज्यादा फायदा

WhatsApp Channel Join Now
टॉप 10 में शामिल देश की 6 कंपनियों के मार्केट कैप में 88 हजार करोड़ की बढ़ोतरी, आईसीआईसीआई बैंक को सबसे ज्यादा फायदा


टॉप 10 में शामिल देश की 6 कंपनियों के मार्केट कैप में 88 हजार करोड़ की बढ़ोतरी, आईसीआईसीआई बैंक को सबसे ज्यादा फायदा


नई दिल्ली, 28 जून (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान हुई खरीद-बिक्री के कारण देश की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल छह कंपनियों के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हो गई, जबकि चार कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट आ गई। शीर्ष स्थान पर मौजूद इन दस कंपनियों में से छह के मार्केट कैप में सोमवार से गुरुवार तक के कारोबार के बाद 88 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई।

इनमें सबसे अधिक फायदा आईसीआईसीआई बैंक को हुआ, जबकि मार्केट कैप में बढ़ोतरी के मामले में दूसरा स्थान एचडीएफसी बैंक ने हासिल किया। दूसरी ओर, टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल चार कंपनियों के मार्केट कैप में 73 हजार करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ गई। मार्केट कैप के मामले में सबसे अधिक नुकसान भारती एयरटेल को हुआ, जबकि नुकसान उठाने के मामले में दूसरे स्थान पर रहने वाली कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) रही।

इस सप्ताह के कारोबार के बाद आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) और लार्सन एंड टूब्रो के मार्केट कैप में 88,678.10 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। दूसरी ओर, भारती एयरटेल, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में 73,269.49 करोड़ रुपये की गिरावट आ गई।

सोमवार से गुरुवार के बीच हुए कारोबार के बाद आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 29,588.75 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 9,95,610.74 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 24,718.30 करोड़ रुपये उछल कर 12,25,981.44 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा, देश में सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 12,043.96 करोड़ रुपये बढ़ कर 17,83,926.92 करोड़ रुपये के स्तर पर, बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 11,580.28 करोड़ रुपये की मजबूती के साथ 6,10,081.53 करोड़ रुपये के स्तर पर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का मार्केट कैप 9,322.93 करोड़ रुपये की उछाल के साथ 9,64,738 करोड़ रुपये के स्तर पर और लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) का मार्केट कैप 1,423.88 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 5,80,550.83 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

दूसरी ओर, भारती एयरटेल का मार्केट कैप 35,615.21 करोड़ रुपये घट कर 11,27,348.09 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मार्केट कैप 21,188.74 करोड़ रुपये फिसल कर 5,35,537.56 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा, टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप 11,143.71 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 7,58,206.42 करोड़ रुपये के स्तर पर और हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 5,321.83 करोड़ रुपये कम होकर 5,10,624.92 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज 17,83,926.92 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) के साथ देश की सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक (कुल मार्केट कैप 12,25,981.44 करोड़ रुपये), भारती एयरटेल (कुल मार्केट कैप 11,27,348.09 करोड़ रुपये), आईसीआईसीआई बैंक (कुल मार्केट कैप 9,95,610.74 करोड़ रुपये), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (कुल मार्केट कैप 9,64,738 करोड़ रुपये), टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) (कुल मार्केट कैप 7,58,206.42 करोड़ रुपये), बजाज फाइनेंस (कुल मार्केट कैप 6,10,081.53 करोड़ रुपये), लार्सन एंड टूब्रो (कुल मार्केट कैप 5,80,550.83 करोड़ रुपये), भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) (कुल मार्केट कैप 5,35,537.56 करोड़ रुपये) और हिंदुस्तान यूनिलीवर (कुल मार्केट कैप 5,10,624.92 करोड़ रुपये) के नाम सबसे मूल्यवान टॉप 10 कंपनियों के लिस्ट में दूसरे से दसवें स्थान पर बने रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story