टॉप 10 में शामिल 4 कंपनियों के मार्केट कैप में 2.20 लाख करोड़ से अधिक की बढ़ोतरी

WhatsApp Channel Join Now
टॉप 10 में शामिल 4 कंपनियों के मार्केट कैप में 2.20 लाख करोड़ से अधिक की बढ़ोतरी


टॉप 10 में शामिल 4 कंपनियों के मार्केट कैप में 2.20 लाख करोड़ से अधिक की बढ़ोतरी


नई दिल्ली, 03 मई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान हुई खरीद-बिक्री के कारण देश की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल छह कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट आ गई, जबकि चार कंपनियों के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हो गई।

शीर्ष स्थान पर मौजूद इन दस कंपनियों में से छह के मार्केट कैप में सोमवार से गुरुवार तक के कारोबार के बाद 1.24 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ गई। इनमें सबसे अधिक नुकसान आईसीआईसीआई बैंक को हुआ, जबकि देश में सार्वजनिक क्षेत्र का सबसे बड़ा बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) नुकसान उठाने के मामले में दूसरे स्थान पर रहा।

दूसरी ओर, टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल कंपनियों में शेष बची चार कंपनियों के मार्केट कैप में पिछले सप्ताह के कारोबार के बाद 2.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक का उछाल आ गया। मार्केट कैप में बढ़ोतरी हासिल करने वाली यानी फायदा उठाने वाली चारों कंपनियों में देश में सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज रही, जबकि मार्केट कैप में बढ़ोतरी के मामले में दूसरे स्थान पर भारतीय एयरटेल रही।

इस सप्ताह के कारोबार के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और बजाज फाइनेंस के मार्केट कैप में 2,20,161.46 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। दूसरी ओर, आईसीआईसीआई बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई), एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और लार्सन एंड टूब्रो के मार्केट कैप में 1,24,060.61 करोड़ रुपये की गिरावट आ गई।

सोमवार से गुरुवार के बीच हुए कारोबार के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 1,39,655.80 करोड़ रुपये बढ़ कर 19,36,303.30 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह भारती एयरटेल का मार्केट कैप 43,503.51 करोड़ रुपये उछल कर 11,49,222.13 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसके अलावा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप 27,569.83 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 8,94,933.95 करोड़ रुपये के स्तर पर और बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 9,432.32 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 5,83,123.13 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंचा हुआ नजर आया।

दूसरी ओर, आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 45,364.62 करोड़ रुपये कम होकर 9,04,980.78 करोड़ रुपये के स्तर तक आ गया। इसी तरह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का मार्केट कैप 30,922.57 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 9,85,829.96 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा, एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 20,951.31 करोड़ रुपये फिसल कर 11,87,274.17 करोड़ रुपये के स्तर पर, हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 18,420.79 करोड़ रुपये घट कर 5,28,799.01 करोड़ रुपये के स्तर पर, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मार्केट कैप 8,222.49 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 5,04,798.07 करोड़ रुपये के स्तर पर और लार्सन एंड टूब्रो का मार्केट कैप 178.83 करोड़ रुपये की कमजोरी के साथ 5,51,993.05 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज 19,36,303.30 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) के साथ देश की सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक (कुल मार्केट कैप 11,87,274.17 करोड़ रुपये), भारती एयरटेल (कुल मार्केट कैप 11,49,222.13 करोड़ रुपये), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (कुल मार्केट कैप 9,85,829.96 करोड़ रुपये), आईसीआईसीआई बैंक (कुल मार्केट कैप 9,04,980.78 करोड़ रुपये), टीसीएस (कुल मार्केट कैप 8,94,933.95 करोड़ रुपये), बजाज फाइनेंस (कुल मार्केट कैप 5,83,123.13 करोड़ रुपये), लार्सन एंड टूब्रो (कुल मार्केट कैप 5,51,993.05 करोड़ रुपये), हिंदुस्तान यूनिलीवर (कुल मार्केट कैप 5,28,799.01 करोड़ रुपये) और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) (कुल मार्केट कैप 5,04,798.07 करोड़ रुपये) के नाम सबसे मूल्यवान टॉप 10 कंपनियों के लिस्ट में दूसरे से दसवें स्थान पर बने रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story