टीसीएस का चौथी तिमाही में मुनाफा 12.22 फीसदी बढ़कर 13718 करोड़ रुपये हुआ

WhatsApp Channel Join Now
टीसीएस का चौथी तिमाही में मुनाफा 12.22 फीसदी बढ़कर 13718 करोड़ रुपये हुआ


नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स)। देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। 31 मार्च को समाप्त (जनवरी-मार्च) तिमाही में टीसीएस का मुनाफा यानी शुद्ध लाभ 12.22 फीसदी बढ़कर 13,718 करोड़ रुपये रहा है।

इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में कंपनी ने 12,224 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 1.35 फीसदी बढ़कर 49,210 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 48,553 करोड़ रुपये रहा था।

टीसीएस के मुताबिक 31 मार्च को समाप्त (जनवरी-मार्च) चौथी तिमाही के दौरान कंपनी की परिचालन आय 9.64 फीसदी बढ़कर 70,698 करोड़ रुपये हो गई, जो जनवरी-मार्च, 2024-25 तिमाही में 64,479 करोड़ रुपये थी। इसके अलावा पूरे वित्त वर्ष में कंपनी की परिचालन आय 4.58 फीसदी बढ़कर 2.67 लाख करोड़ रुपये रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story