देश में 90 दिन के लिए पर्याप्त कोयला भंडार उपलब्ध : जी. किशन रेड्डी

WhatsApp Channel Join Now
देश में 90 दिन के लिए पर्याप्त कोयला भंडार उपलब्ध : जी. किशन रेड्डी


नई दिल्ली/हैदराबाद, 13 अप्रैल (हि.स)। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सोमवार को कहा कि देश में 90 दिन की जरूरत के लिए पर्याप्त 20 करोड़ टन से अधिक का कोयला भंडार उपलब्ध है।

रेड्डी ने हैदराबाद में कोयला मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि देश में लगातार दूसरे वर्ष एक अरब टन कोयला उत्पादन हासिल किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘आज ताप विद्युत संयंत्रों और खदानों के पास 90 दिन के लिए पर्याप्त कोयला उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि पहले हमारे पास केवल 21 से 25 दिन का ही भंडार होता था, लेकिन अब 20 करोड़ टन से अधिक कोयला उपलब्ध है।’’

रेड्डी ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य खनिज क्षेत्र में आयात पर निर्भरता कम करना और देश को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं केंद्र सरकार की ओर से यह कहना चाहूंगा कि सरकार खनिज क्षेत्र में राजस्व के लिए काम नहीं करती। बल्कि वह खनिज क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाती है।’’

केंद्रीय मंत्री ने भविष्य में शहरी खनन और कोयला गैसीकरण (ठोस कोयले को रासायनिक प्रक्रिया के जरिए गैस में बदलना) में महत्वपूर्ण खनिजों के निष्कर्षण की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए निजी क्षेत्र से सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, राज्य सरकारों और अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि शहरी खनन के जरिये देश की जरूरत के 30-40 फीसदी महत्वपूर्ण खनिज कबाड़ से निकाले जा सकते हैं। सरकार इस दिशा में एक कार्ययोजना तैयार कर रही है, जिसके तहत हर शहर से कबाड़ एकत्र कर रेफ्रिजरेटर, एयर कंडीशनर आदि से महत्वपूर्ण खनिज निकाले जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story