घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन रही तेजी, सेंसेक्स 390 अंक उछला

WhatsApp Channel Join Now
घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन रही तेजी, सेंसेक्स 390 अंक उछला


नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे कारोबारी दिन गुरुवार को भी तेजी रही। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी और विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली से सेंसेक्स 390 अंक और निफ्टी 65.25 अंक बढ़कर बंद हुआ।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 390.31 अंक यानी 0.46 फीसदी की उछलकर 84,328.59 अंकों के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 613.46 अंक बढ़त के साथ 84,551.74 अंक पर पहुंच गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज एनएसई का (निफ्टी) भी 65.25 अंक यानी 0.25 फीसदी बढ़कर 25,884.50 के स्तर पर बंद हुआ है।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में एचसीएल टेक का शेयर सबसे अधिक 6.28 फीसदी तक चढ़ा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में 4.97 फीसदी, इंफोसिस में 4.70 फीसदी और टेक महिंद्रा में भी 3.33 फीसदी की तेजी रही है। इनके अलावा एचडीएफसी बैंक और टाटा स्टील के शेयर भी बढ़त में रहे है। वहीं, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और ट्रेंट के शेयर नुकसान में रहे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.79 फीसदी गिरकर 93.86 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। नवंबर महीने में अब तक सेंसेक्स कुल 9,869.06 अंक यानी 13.25 फीसदी चढ़ चुका है, जबकि निफ्टी में 2,831.4 अंकों यानी 12.28 प्रतिशत की तेजी आई है।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बुधवार की भारी गिरावट के बाद संभलकर बढ़त में रहे। यूरोप के बाजार दोपहर में अच्छी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

बुधवार को सेंसेक्स 1,502.29 अंक यानी 1.82 फीसदी की उछाल के साथ 83,938.28 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी 469.60 अंक यानी 1.85 अंकों की बढ़त के साथ 25,819.25 के स्तर पर बंद हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story