साप्ताहिक समीक्षा : घरेलू शेयर बाजार पर भी दिखा पश्चिम एशिया संकट का असर, सेंसेक्स 4,354 अंक लुढ़का
- एक महीने में सेंसेक्स करीब 10 हजार अंक और निफ्टी लगभग तीन हजार अंक टूटे
नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी जंग की वजह से घरेलू शेयर बाजार में लगातार गिरावट का रुख बना हुआ है। पिछले कारोबारी सप्ताह की बात करें, तो सोमवार से लेकर शुक्रवार तक के कारोबार में सेंसेक्स 4,354.98 अंक यानी 5.51 प्रतिशत लुढ़क चुका है, जबकि निफ्टी ने इस सप्ताह 1,299.35 अंक यानी 5.31 प्रतिशत का गोता लगाया है। इस सप्ताह के पांच कारोबारी दिनों में सिर्फ दूसरे कारोबारी दिन 10 मार्च को शेयर बाजार में खरीदार हावी होते हुए नजर आए, जबकि शेष चार दिन बिकवाली का दबाव बना रहा।
आपको बता दें कि पिछले एक महीने की अवधि में सेंसेक्स लगभग दस हजार अंक टूट चुका है। इसी तरह निफ्टी में भी करीब तीन हजार अंक की गिरावट आ चुकी है। 11 फरवरी को सेंसेक्स 84,487.34 अंक के स्तर तक पहुंचा था। वहीं निफ्टी ने 26,009.40 अंक तक की छलांग लगाई थी। जबकि इस सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार यानी 13 मार्च को सेंसेक्स गिरावट का शिकार होकर 74,563.92 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी ने 23,151.10 अंक के स्तर पर पिछले सप्ताह के कारोबार का अंत किया।
सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार में बीएसई का लार्जकैप इंडेक्स पांच प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इस इंडेक्स में शामिल पॉलिकैब इंडिया, आईडीबीआई बैंक, लार्सन एंड टूब्रो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टीवीएस मोटर कंपनी, मीशो, आयशर मोटर्स, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (टीएमपीवी), अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी, वरुण बेवरेजेस और इंडसइंड बैंक के शेयरों में साप्ताहिक आधार पर 10 से 15 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
इसी तरह बीएसई का मिडकैप इंडेक्स पिछले सप्ताह के कारोबार में साप्ताहिक आधार पर 4.52 प्रतिशत टूट गया। इस इंडेक्स में शामिल भारत फोर्ज, कोलगेट पामोलिव (इंडिया), द रैमको सीमेंट्स, हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज, केईआई इंडस्ट्रीज, अशोक लीलैंड, स्कैफलर इंडिया, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, गोदरेज इंडस्ट्रीज और एपीएल अपोलो ट्यूब्स के शेयरों में साप्ताहिक आधार पर 10 से 15 प्रतिशत तक की कमजोरी आ गई। दूसरी ओर, अरबिंदो फार्मा, प्रीमियर एनर्जीज, ब्रेनबीज सॉल्यूशंस, एलटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज, आईपीसीए लैबोरेट्रीज, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, सुजलॉन एनर्जी, अदानी टोटल गैस, कोल इंडिया, अदानी पावर, एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी, एबीबी इंडिया और टाटा पावर कंपनी के शेयरों में पांच से लेकर 17 प्रतिशत तक की साप्ताहिक बढ़त दर्ज की गई।
शुक्रवार को खत्म हुए कारोबारी सप्ताह में बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में साप्ताहिक आधार पर 3.60 प्रतिशत की कमजोरी आ गई। इस इंडेक्स में शामिल एक्विलॉन नेक्सस, एसईपीसी, सिल्वर टच टेक्नोलॉजीज, अंबर एंटरप्राइजेज इंडिया, इंफोबींस टेक्नोलॉजीज, पीजी इलेक्ट्रोप्लास्ट, सफायर फूड्स इंडिया, सनटेक रियल्टी, याशो इंडस्ट्रीज, रेन इंडस्ट्रीज, कैपेसाइट इंफ्रा प्रोजेक्ट्स, डायनामाइट टेक्नोलॉजीज, नेटवर्क पीपल सर्विसेज टेक्नोलॉजीज और प्रेसीजन वायर्स इंडिया के शेयरों में साप्ताहिक आधार पर 18 से 22 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, अपोलो पाइप्स, जिंदल पॉली फिल्म्स, कॉन्फिडेंस पेट्रोलियम, हैपिएस्ट माइंड्स टेक्नोलॉजी, टीटीके प्रेस्टीज, केमप्लास्ट सन्मर, वीटीएम और लिबर्टी शूज के शेयरों में 15 से लेकर 22 प्रतिशत तक की मजबूती दर्ज की गई।
सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के दौरान लगातार बिकवाली का दबाव बने रहने की वजह से स्टॉक मार्केट के सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। इसमें सबसे अधिक गिरावट ऑटोमोबाइल और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में देखी गई। निफ्टी का ऑटो इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर 10.60 प्रतिशत गिर गया। इसी तरह निफ्टी के पीएसयू बैंक इंडेक्स ने साप्ताहिक आधार पर 7.20 प्रतिशत का गोता लगाया। इसके अलावा पिछले सप्ताह के कारोबार के दौरान बड़ी गिरावट का शिकार होने वाले सेक्टर्स में डिफेंस, प्राइवेट बैंक और मेटल सेक्टर भी शामिल हुए। निफ्टी का डिफेंस इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर 7.01 प्रतिशत लुढ़क गया। इसी तरह निफ्टी का प्राइवेट बैंक इंडेक्स पूरे सप्ताह के कारोबार के बाद सात प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसके अलावा निफ्टी का मेटल इंडेक्स भी साप्ताहिक आधार पर छह प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

