बड़ी गिरावट के बाद कैसे सुधरी शेयर बाजार की हालत, किन वजहों से सेंसेक्स ने की 730 अंक से अधिक की रिकवरी

WhatsApp Channel Join Now
बड़ी गिरावट के बाद कैसे सुधरी शेयर बाजार की हालत, किन वजहों से सेंसेक्स ने की 730 अंक से अधिक की रिकवरी


नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज के कारोबार के दौरान जोरदार उतार-चढ़ाव होता रहा। दिन के पहले सत्र में जहां मंदड़ियों का दबाव बना रहा, वहीं दूसरे सत्र में तेजड़ियों ने पूरा दम दिखाने की कोशिश की। हालांकि तेजड़ियों की कोशिश के बावजूद शेयर बाजार लाल निशान में ही बंद हुआ। दिन के पहले सत्र में मंदड़ियों के दबाव में सेंसेक्स 900 अंक से अधिक टूट गया। इसी तरह निफ्टी ने भी 260 अंक से अधिक का गोता लगाया। वहीं, दिन के दूसरे सत्र में जब तेजड़ियों ने खरीदारी शुरू की, तो सेंसेक्स निचले स्तर से 730 अंक से अधिक की रिकवरी करने में सफल रहा। इसी तरह निफ्टी निचले स्तर से 215 अंक से अधिक सुधर गया।

जानकारी को कहना है कि दिन के पहले सत्र में शेयर बाजार पर कच्चे तेल की लगातार तेज हो रही कीमत का जबरदस्त दबाव था। धामी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट प्रशांत धामी के मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग और होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते कच्चे तेल की सप्लाई बाधित होने की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमत गुरुवार को ही 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चली गई थी। आज के कारोबार में भी दिन के पहले सत्र में ब्रेंट क्रूड काफी देर तक 101 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार करता रहा, जिसकी वजह से दुनिया भर के शेयर बाजारों की तरह ही भारतीय शेयर बाजार भी दबाव में कारोबार करता रहा।

कच्चे तेल की कीमत के साथ घरेलू मोर्चे पर बनी दबाव की स्थिति की वजह से भी शेयर बाजार काफी हद तक प्रभावित हुआ। आज दिन के पहले सत्र में आईटी सेक्टर की बड़ी कंपनी इंफोसिस के शेयरों में शुरुआती कारोबार के दौरान हुई जोरदार बिकवाली ने भारतीय शेयर बाजार का मूड खराब कर दिया। इसी तरह दिन के पहले सत्र में विदेशी संस्थागत निदेशक (एफआईआई) भी लगातार बिकवाली कर बाजार पर दबाव बनाए रहे।

प्रशांत धामी के अनुसार दिन के दूसरे सत्र में स्थिति में बदलाव होता हुआ नजर आया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में गिरावट का रुख बनता हुआ नजर आया। इस गिरावट के कारण ब्रेंट क्रूड 101.13 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से गिर कर 96.56 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक आ गया। कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट ने मार्केट सेंटिमेंट्स को सुधारने में अहम भूमिका निभाई।

इसी तरह घरेलू शेयर बाजार में आज निचले स्तर से हुई खरीदारी ने भी बाजार को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा बैंकिंग शेयरों ने भी निचले स्तर से आज शानदार रिकवरी की। बैंक निफ्टी शुरुआती कारोबार में 56,023.60 अंक के स्तर तक गिर गया था। हालांकि बाद में बैंकिंग शेयरों में हुई खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक निचले स्तर से करीब 670 अंक सुधार कर 56,693.50 अंक के स्तर पर पहुंच गया। बैंकिंग सेक्टर में हुई शानदार रिकवरी ने भी घरेलू शेयर बाजार के उत्साह को बढ़ाने का काम किया। इसी तरह मुद्रा बाजार में डॉलर की तुलना में रुपये की रिकवरी से भी बाजार में उत्साह का माहौल बना, जो अंततः शेयर बाजार की स्थिति में निचले स्तर से हुए सुधार के रूप में नजर आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story