शेयर बाजार ने लगाई मजबूत छलांग, जानिए क्या थी आज की तेजी की मुख्य वजह

WhatsApp Channel Join Now
शेयर बाजार ने लगाई मजबूत छलांग, जानिए क्या थी आज की तेजी की मुख्य वजह


नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार ने आज एक बार फिर शानदार मजबूती दिखाई। इस मजबूती के कारण शेयर बाजार छह सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंचने में सफल रहा। आज के कारोबार में ज्यादातर समय तेजड़ियों का जोर बना रहा, जिसकी वजह से सेंसेक्स 79,000 अंक के स्तर को पार कर गया। इसी तरह निफ्टी भी कुछ देर के लिए 24,600 अंक के स्तर को पार करने में सफल रहा।

माना जा रहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच एक बार फिर शांति वार्ता शुरू होने की उम्मीद, कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट, एशियाई बाजार से मिले पॉजिटिव संकेत, बैंकिंग शेयरों में हुई जोरदार खरीदारी और इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स (इंडिया वीआईएक्स) में गिरावट की वजह से घरेलू शेयर बाजार आज मजबूती दिखाने में सफल रहा।

फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनिल भंसाली के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत जल्द शुरू होने की उम्मीद बनी हुई है। अगर दोनों पक्षों की बातचीत सफल रही, तो पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा प्रतिकूल असर तुरंत प्रभाव से खत्म हो जाएगा।

इस तनाव के खत्म होने की उम्मीद की वजह से ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में भी गिरावट का रुख बना हुआ है। ब्रेंट क्रूड की कीमत आज गिर कर 93.84 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गई। इसी तरह वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड ने भी आज 85.50 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक गोता लगाया।

कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट हमेशा ही भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बूस्टर डोज का काम करती है, क्योंकि भारत अपनी जरूर का लगभग 88 प्रतिशत कच्चा तेल अंतरराष्ट्रीय बाजार से आयात करके ही पूरा करता है।

आपको बता दें कि पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद कच्चा तेल 118 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया था। ऐसे में इसकी कीमत में आई गिरावट को भारत के लिए अच्छा संकेत माना जा रहा है।

अनिल भंसाली का कहना है कि पश्चिम एशिया में तनाव घटने की उम्मीद की वजह से आज एशिया के नौ प्रमुख बाजार में भी आमतौर पर तेजी का रुख बना रहा। खासकर, जापान और दक्षिण कोरिया के स्टॉक एक्सचेंज में आज जोरदार तेजी दर्ज की गई। एशियाई बाजार में आई तेजी का असर घरेलू शेयर बाजार पर भी पड़ा। मार्केट सेंटीमेंट्स सुधरने से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में भी खरीदार आज लगातार लिवाली का जोर बनाए रहे।

पॉजिटिव मार्केट सेंटीमेंट्स के कारण इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स (इंडिया वीआईएक्स) में भी आज 5.75 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट शॉर्ट टर्म में मार्केट में जोखिम कम होने का संकेत देती है। इसके पहले सोमवार के कारोबार में लगातार उतार चढ़ाव होने के कारण मार्केट रिस्क काफी बढ़ गया था, लेकिन आज मार्केट रिस्क कम होने की वजह से शेयर बाजार के निवेशक उत्साहित होकर खरीदारी करते रहे।

इसके अलावा घरेलू शेयर बाजार की तेजी के लिए बैंकिंग स्टॉक्स में आज आई तेजी को भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है। आज के कारोबार में बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। खासकर, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस और एक्सिस बैंक के शेयरों कि आज लगातार मांग बनी रही। बैंकिंग स्टॉक्स में हुई खरीदारी के कारण निफ्टी का बैंक इंडेक्स आज 1.39 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इस खरीदारी ने भी घरेलू शेयर बाजार के सेंटीमेंट्स को पॉजिटिव पुश देने में बड़ी भूमिका निभाई।

आज की तेजी के संबंध में धामी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट प्रशांत धामी का कहना है कि आगे भी निफ्टी का ट्रेंड पॉजिटिव बना रह सकता है। हालांकि यह पॉजिटिव ट्रेंड सीमित दायरे में रह सकता है। निफ्टी 24,600 अंक के करीब पहुंचा हुआ है। इससे शॉर्ट टर्म में पॉजिटिव आउटलुक के संकेत मिलते हैं। हालांकि निफ्टी के लिए अभी 24,600 के स्तर पर रेजिस्टेंस बना हुआ है। अगर यह सूचकांक इस लेवल को तोड़ कर आगे बढ़ता है, तो जल्दी ही यह 25 हजार अंक के स्तर तक पहुंच सकता है।

दूसरी ओर, अगर मार्केट सेंटीमेंट्स बिगड़ते हैं, तब भी निफ्टी को 24,300 अंक के स्तर पर जबरदस्त सपोर्ट मिल जाएगा। इसलिए अभी इस सूचकांक में बड़ी गिरावट आने की आशंका कम है। धामी का कहना है कि गिरावट की आशंका कम होने के बावजूद शेयर बाजार की चाल को लेकर कोई भी भविष्यवाणी पक्के तौर पर नहीं की जा सकती है। इसलिए निवेशकों को अपनी निवेश सलाहकारों से विचार विमर्श करने के बाद ही अपनी निवेश योजना को अंतिम रूप देना चाहिए।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story