घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन रही तेजी, सेंसेक्स 427 अंक उछला

WhatsApp Channel Join Now
घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन रही तेजी, सेंसेक्स 427 अंक उछला


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन मंगलवार को हरे निशान पर बंद हुआ। विदेशी पूंजी का प्रवाह जारी रहने, कच्चे तेल के दाम में नरमी और रिलायंस इंडस्ट्रीज एवं बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से शेयर बाजार में तेजी रही। सेंसेक्स 427 अंक उछलकर, जबकि निफ्टी 25,387 के स्तर पर बंद हुआ है।

कारोबार के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 427.40 अंक यानी 0.52 फीसदी उछलकर 82,532.19 अंक के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 792.70 अंक यानी 0.96 फीसदी चढ़कर 82,897.49 अंक पर पहुंच गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारितनिफ्टी भी 96.30 अंक यानी 0.38 फीसदी की बढ़त के साथ 25,387.40 अंक पर बंद हुआ है। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बावजूद घरेलू शेयर बाजारों में तेजी रही।

सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अदाणी पोर्ट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा और इन्फोसिस के शेयर में गिरावट का रुख देखा गया।

इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.26 फीसदी बढ़कर के 92.68 डॉलर प्रति बैरल पर था। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में कारोबार के दौरान कमजोरी रही।

इससे पहले हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 512.34 अंक चढ़कर 82,104.79 अंक पर और निफ्टी 146.80 अंक की बढ़त के साथ 25,291.10 अंक पर बंद हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story