शुरुआती गिरावट के बाद शेयर बाजार में रिकवरी का रुख, सपाट स्तर पर सेंसेक्स और निफ्टी

WhatsApp Channel Join Now
शुरुआती गिरावट के बाद शेयर बाजार में रिकवरी का रुख, सपाट स्तर पर सेंसेक्स और निफ्टी


नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच निचले स्तर से रिकवरी की कोशिश होती हुई नजर आ रही है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ लाल निशान में हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद मंदड़ियों ने बिकवाली का दबाव बना दिया, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरते चले गए। हालांकि, थोड़ी देर बाद निचले स्तर से शुरू हुई खरीदारी के कारण बाजार ने वापसी करने की कोशिश की। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.01 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा था। दूसरी ओर, निफ्टी 0.08 प्रतिशत की बढत के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

बीएसई का सेंसेक्स आज 122.37 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,484.38 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके चलते यह सूचकांक गिरकर 73,210.76 अंक के निचले स्तर तक चला गया। इंफोसिस और टीसीएस जैसे बड़े आईटी शेयरों में आई गिरावट से बाजार पर शुरुआती दबाव बना। हालांकि, थोड़ी देर बाद निचले स्तर पर लिवालों ने मोर्चा संभाला। खासकर, भारती एयरटेल व भारत इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी कंपनियों के शेयरों में आई जोरदार खरीदारी से बाजार को सहारा मिला।

खरीदारी के इस सपोर्ट से सेंसेक्स ने निचले स्तर से उबरते हुए हरे निशान में 73,644.38 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। हालांकि इसके बाद एक बार फिर बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से से ये सूचकांक गिर कर लाल निशान में आ गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 6.63 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 73,600.12 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 44.40 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज करते हुए 22,708.80 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक फिसल कर 22,653.20 अंक के निचले स्तर तक चला गया। हालांकि, शुरुआती झटके के बाद प्रमुख फार्मा और ऑटो शेयरों में शुरू हुई लिवाली के चलते इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा, जिससे निफ्टी 22,804.50 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीज शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 19.15 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,772.35 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,823 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,239 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 584 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 15 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 15 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 26 शेयर हरे निशान में और 24 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

आज सुबह 10 बजे तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टॉप गेनर्स की सूची में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 6.18 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 2.30 प्रतिशत, बीएसई लिमिटेड 1.35 प्रतिशत, बजाज ऑटो 1.23 प्रतिशत और मैक्स हेल्थकेयर 0.89 प्रतिशत की मजबूती के साथ बाजार को सहारा देने की कोशिश कर रहे थे। दूसरी ओर, टॉप लूजर्स में इंफोसिस 2.88 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 2.82 प्रतिशत, टीसीएस 1.95 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 1.34 प्रतिशत और एचसीएल टेक 1.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 482.92 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ 73,606.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 153.20 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की उछाल के साथ 22,753.20 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767420 Articles

Share this story