शुरुआती कारोबार में उतार चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में कमजोरी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

WhatsApp Channel Join Now
शुरुआती कारोबार में उतार चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में कमजोरी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के


नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई थी, लेकिन बाजार खुलने के तुरंत बाद बिकवालों ने दबाव बना दिया, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लाल निशान में फिसल गए। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.31 प्रतिशत और निफ्टी 0.36 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 120.03 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,849.30 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में भारी उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और लार्सन एंड टुब्रो जैसे दिग्गज शेयरों में आई तेजी से बाजार को सहारा मिला, लेकिन एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक जैसे बैंकिंग हैवीवेट शेयरों में मची बिकवाली के कारण सेंसेक्स पर लगातार दबाव बना रहा। बिकवाली का दबाव बढ़ने से यह सूचकांक 74,169.23 अंक के निचले स्तर तक गिर गया, हालांकि पहले 15 मिनट के कारोबार के बाद ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक ने निचले स्तर से अच्छी रिकवरी भी की। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 234.86 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,494.41 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 4.70 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक तेजी के साथ 23,150.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवालों ने खरीदारी का जोर बनाया जिससे यह सूचकांक उछल कर 23,175.25 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, थोड़ी देर बाद ही बैंकिंग शेयरों में आई कमजोरी से निफ्टी की चाल बिगड़ गई। बिकवाली के दबाव के कारण यह सूचकांक फिसल कर 22,970.50 अंक के निचले स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में भी सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 84.15 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की सुस्ती के साथ 23,062 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,530 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 818 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,712 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 18 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 17 शेयर हरे निशान में और 33 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

शुरुआती कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 1.81 प्रतिशत, रिलायंस 1.21 प्रतिशत, लार्सन एंड टुब्रो 0.97 प्रतिशत, टाइटन कंपनी 0.89 प्रतिशत और पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन 0.76 प्रतिशत की मजबूती के साथ टॉप गेनर्स की सूची में बने हुए थे। दूसरी ओर, एक्सिस बैंक 4.11 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 1.94 प्रतिशत, इन्फोसिस 1.21 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.11 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक 0.78 प्रतिशत की कमजोरी के साथ टॉप लूजर्स के रूप में कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 413.66 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,729.27 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 148.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,146.15 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763286 Articles

Share this story