शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

WhatsApp Channel Join Now
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट


शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट


नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान कमजोरी बनी हुई नजर आ रही है। आज के कारोबार की सपाट स्तर पर मिली-जुली शुरुआत हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल में कमजोरी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.10 प्रतिशत और निफ्टी 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 36.84 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 76,994.11 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से पहले 20 मिनट में ही यह सूचकांक 125 अंक से अधिक की बढ़त के साथ 77,083.49 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स ने लाल निशान में गोता लगा दिया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से यह सूचकांक गिर कर 76,764.26 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की चाल में मामूली सुधार होता हुआ नजर आया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 79.93 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,877.34 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 2.85 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 24,077.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से कुछ देर में ही यह सूचकांक रिकवर कर हरे निशान में 24,082.60 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि यह तेजी टिक नहीं सकी। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से निफ्टी दोबारा लाल निशान में गिर गया।

शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण यह सूचकांक सुबह 10 बजे के करीब गिर कर 24,009.50 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 34.30 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,046.10 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,962 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,310 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,652 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 18 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 22 शेयर हरे निशान में और 28 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से अदानी पोर्ट्स, आईटीसी, भारती एयरटेल, बजाज ऑटो और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 3.53 प्रतिशत से लेकर 2.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस, मैक्स हेल्थकेयर, इंटरग्लोब एवियेशन, नेस्ले और बजाज फिनसर्व के शेयर 3.52 प्रतिशत से लेकर 2.74 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 307.24 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,957.27 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 95.25 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,080.40 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story