शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव , सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान पर

WhatsApp Channel Join Now
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव , सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान पर


नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की मिली-जुली शुरुआत हुई थी। सेंसेक्स बढ़त के साथ हरे निशान में खुला था, जबकि निफ्टी ने सपाट स्तर पर मामूली गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई।

हालांकि पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इन दोनों सूचकांकों की स्थिति में कुछ सुधार भी हुआ। लिवाली का सपोर्ट मिलने के बावजूद ये दोनों सूचकांक लगातार लाल निशान में ही कारोबार करते रहे। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.23 प्रतिशत और निफ्टी 0.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 145.56 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,111.91 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही यह सूचकांक पहले मिनट में ही मामूली बढ़त के साथ 78,119.39 अंक तक पहुंचा। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स गिरता चला गया। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण पहले 20 मिनट के कारोबार में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 400 अंक से अधिक लुढ़क कर लाल निशान में 77,709.63 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद खरीदारों ने मोर्चा संभाला और लिवाली शुरू कर दी। लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स की चाल में कुछ सुधार भी हुआ। हालांकि बाजार में बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि यह सूचकांक लगातार लाल निशान में ही बना रहा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 178.67 अंक लुढ़क कर 77,787.68 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज सपाट स्तर पर मामूली कमजोरी के साथ कारोबार की शुरुआत की। इस सूचकांक ने 4.35 अंक यानी 0.018 प्रतिशत फिसल कर 24,431.60 अंक के स्तर से कारोबार करना शुरू किया। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण निफ्टी ओपनिंग लेवल से 110 अंक से ज्यादा टूट कर 24,316.30 अंक के स्तर तक गिर गया।

इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर बाजार को सहारा देने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की चाल में कुछ सुधार भी हुआ। हालांकि बाजार में निगेटिव सेंटीमेंट इस कदर हावी था कि खरीदारों की कोशिश के बावजूद यह सूचकांक रिकवर कर हरे निशान में नहीं पहुंच सका। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 94.40 अंक की गिरावट के साथ 24,341.55 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टेक महिंद्रा, श्रीराम फाइनेंस, अपोलो हॉस्पिटल, जियो फाइनेंशियल और मैक्स हेल्थकेयर के शेयर 1.32 प्रतिशत से लेकर 0.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाइटन कंपनी के शेयर 2.28 प्रतिशत से लेकर 1.35 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,633 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,499 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,134 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 19 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 187.90 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,966.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 35.75 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,435.95 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story