शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

WhatsApp Channel Join Now
शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले


नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच तेजी का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की सपाट स्तर पर मिली जुली शुरुआत हुई थी। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण थोड़ी देर के लिए सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट का रुख बनता हुआ नजर आया, लेकिन थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.32 प्रतिशत और निफ्टी 0.17 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से सिप्ला, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, एक्सिस बैंक और सन फार्मास्यूटिकल्स के शेयर 1.23 प्रतिशत से लेकर 0.27 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, इंफोसिस, टीसीएस, अदानी एंटरप्राइजेज, विप्रो और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर 3.39 प्रतिशत से लेकर 3.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभीतक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 3,002 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 831 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,171 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 14 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 16 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान में और 27 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 29.08 अंक की मामूली बढ़त के साथ 76,229.76 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने से यह सूचकांक थोड़ी देर में ही लाल निशान में 76,121.59 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक ने रिकवरी कर हरे निशान में अपनी जगह बना ली। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 243.26 अंक की मजबूती के साथ 76,443.94 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 28.30 अंक की कमजोरी के साथ 23,795.80 के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक 23,789.25 अंक के स्तर तक गिर गया। हालांकि थोड़ी देर में ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 40.80 अंक की बढ़त के साथ 23,864.90 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 893.39 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,200.68 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी ने 278.80 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,824.10 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story