शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

WhatsApp Channel Join Now
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के


नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत बड़ी गिरावट के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलने के बाद खरीदारों में लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की स्थिति में कुछ सुधार भी हुआ। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.76 प्रतिशत और निफ्टी 0.78 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अपोलो हॉस्पिटल, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज और मैक्स हेल्थकेयर के शेयर 1.05 प्रतिशत से लेकर 0.67 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर विप्रो, इंटरग्लोब एवियशन, एटरनल, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और श्रीराम फाइनेंस के शेयर 5.40 प्रतिशत से लेकर 1.98 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,768 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 800 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,968 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से पांच शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 25 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से नौ शेयर हरे निशान में और 41 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 821.73 अंक की कमजोरी के साथ 73,421.61 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण यह सूचकांक गिर कर 73,318.94 अंक तक चला गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 562.74 अंक की कमजोरी के साथ 73,680.60 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने आज 286 अंक टूट कर 23,080.70 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 182.65 अंक की गिरावट के साथ 23,184.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 116.67 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,243.34 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 49.85 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,366.70 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story