शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

WhatsApp Channel Join Now
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के


नई दिल्ली, 11 मई (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के नए शांति प्रस्ताव को खारिज कर देने के कारण पश्चिम एशिया में जारी तनाव के शीघ्र खत्म होने की संभावना काफी कम हो गई है। इसकी वजह से कच्चे तेल की कीमत में एक बार फिर तेजी आ गई है, जिससे दुनिया भर के बाजार पर दबाव बन गया है। घरेलू शेयर बाजार में भी आज शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट का रुख बना हुआ है।

आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बिकवालों ने अपना दबाव बना दिया। लगातार हो रही बिकवाली से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी बढ़ती चली गई। सुबह 11 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.31 प्रतिशत और निफ्टी 1.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

11 बजे तक का कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, सन फार्मास्युटिकल्स, कोल इंडिया, मैक्स हेल्थकेयर और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर 3.26 प्रतिशत से लेकर 0.59 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, टाइटन कंपनी, इंटर ग्लोबल एवियशन, एसबीआई, एटरनल और भारती एयरटेल के शेयर 7.05 प्रतिशत से लेकर 3.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,839 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 708 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,131 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से पांच शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 25 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 10 शेयर हरे निशान में और 40 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 610.10 अंक की कमजोरी के साथ 76,638.09 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक मामूली रिकवरी के साथ 76,678.52 अंक के स्तर तक पहुंचा। इसके बाद बिकवाली का दबाव बढ़ गया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से यह सूचकांक 1,100 अंक से भी अधिक टूट कर 76,165.57 अंक के स्तर तक आ गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 11 बजे सेंसेक्स 1,016.37 अंक की गिरावट के साथ 76,311.82 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 206.05 अंक लुढ़क कर 23,970.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक थोड़ा ऊपर उठ कर 23,986.80 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बिकवाली का दबाव बन गया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से यह सूचकांक फिसल कर 23,845.30 अंक तक आ गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 11 बजे निफ्टी 285.30 अंक की कमजोरी के साथ 23,890.85 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 516.33 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,328.19 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 150.50 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,176.15 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story