शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले
नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। अमेरिका द्वारा होर्मुज स्ट्रेट में फंसे जहाजों को निकालने की कोशिश शुरू करने की खबर और अप्रैल में जीएसटी कलेक्शन के 2.43 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंचने की खबर का आज घरेलू शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार पर सकारात्मक असर नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने रफ्तार पकड़ ली।
बाजार की तेजी का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रेडिंग शुरू होने के बाद कुछ देर में ही बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में 4.64 लाख करोड़ की बढ़ोतरी हो गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.12 प्रतिशत और निफ्टी 1.06 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
आज प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से बजाज ऑटो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, मारुति सुजुकी, श्रीराम फाइनेंस और लार्सन एंड टूब्रो के शेयर 3.86 प्रतिशत से लेकर 2.79 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, कोटक महिंद्रा, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज, ओएनजीसी, टीसीएस और एटरनल के शेयर 2.58 प्रतिशत से लेकर 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,764 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,102 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 662 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 26 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर चार शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 44 शेयर हरे निशान में और छह शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 343.77 अंक की मजबूती के साथ 77,257.27 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही सेंसेक्स लगभग एक हजार अंक की छलांग लगा कर 77,910.75 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली होने के कारण इसकी चाल में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 859.40 अंक की बढ़त के साथ 77,772.90 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 66 अंक की छलांग लगा कर 24,063.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही निफ्टी लगभग 300 अंक की बढ़त के साथ 24,290.20 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में मामूली कमजोरी भी दर्ज की गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 254.60 अंक की मजबूती के साथ 24,252.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 582.26 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,913.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 180.10 अंक यानी 0.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,997.55 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

