शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली गिरावट
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की मजबूती और बढ़ गई। हालांकि पहले 10 मिनट के कारोबार के बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.01 प्रतिशत और निफ्टी 0.09 प्रतिशत की कमजोरी मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
आज प्रातः10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट लिमिटेड, एक्सिस बैंक और एनटीपीसी के शेयर 2.14 प्रतिशत से लेकर 0.50 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, जियो फाइनेंशियल, टीएमपीवी, एचडीएफसी लाइफ, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और एटरनल के शेयर 3.62 प्रतिशत से लेकर 1.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,776 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 945 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,831 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 9 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 21 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 10 शेयर हरे निशान में और 40 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 139.36 अंक की मजबूती के साथ 78,632.90 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक उछल कर 78,733.25 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण सेंसेक्स की चाल में गिरावट आने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण इस सूचकांक ने थोड़ी देर में ही अपनी बढ़त गंवा दी। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 5.82 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 78,487.72 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 37.95 अंक उछल कर 24,391.50 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से पहले 10 मिनट में ही यह सूचकांक उछल कर 24,420.20 अंक तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से निफ्टी की चाल कमजोर पड़ गई। बाजार में लगातार हो रही बिकवाली के कारण पहले आधे घंटे के कारोबार के बाद यह सूचकांक गिर कर लाल निशान में 24,241.25 अंक के स्तर तक आ गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 20.75 अंक टूट कर 24,332.80 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 504.86 अंक यानी 0.65 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,493.54 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 156.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,353.55 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

