शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले
नई दिल्ली, 05 मार्च (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान आज तेजी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलने के कुछ देर बाद बिकवाली का दबाव बनने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट भी आई। राहत की बात यही रही की यह दोनों इन दोनों सूचकांकों के लाल निशान में पहुंचने के पहले ही रिकवरी शुरू हो गई। पहले 15 मिनट के बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी का रुख बन गया। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.45 प्रतिशत और निफ्टी 0.50 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, कोल इंडिया, ओएनजीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एनटीपीसी के शेयर 3.72 प्रतिशत से लेकर 2.39 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, अदानी एंटरप्राइज, मैक्स हेल्थकेयर, एचडीएफसी लाइफ, एचसीएल टेक्नोलॉजी और एटरनल के शेयर 1.03 प्रतिशत से लेकर 0.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,724 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,940 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 784 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 18 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 12 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 29 शेयर हरे निशान में और 21 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 414.29 अंक की मजबूती के साथ 79,530.48 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी की सपोर्ट से थोड़ी ही देर में यह सूचकांक उछल कर 79,666.46 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से पहले 15 मिनट के कारोबार में ही सेंसेक्स 79,227.16 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिसकी वजह से इस सूचकांक ने रफ्तार पकड़ ली। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 356.34 अंक की तेजी के साथ 79,472.53 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 135.45 उछल कर 24,615.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 24,656.70 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई। मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली के कारण पहले 20 मिनट में ही निफ्टी गिर कर 24,530.05 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि ये गिरावट अधिक देर तक नहीं टिक सकी। खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली शुरू करके इस सूचकांक की चाल को तेज कर दिया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 123.60 अंक की बढ़त के साथ 24,604.10 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 1,122.66 अंक यानी 1.40 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 79,116.19 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 385.20 अंक यानी 1.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,480.50 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

