उछला शेयर बाजार, पहले घंटे में ही 2 लाख करोड़ तक बढ़ी निवेशकों की दौलत

WhatsApp Channel Join Now
उछला शेयर बाजार, पहले घंटे में ही 2 लाख करोड़ तक बढ़ी निवेशकों की दौलत


उछला शेयर बाजार, पहले घंटे में ही 2 लाख करोड़ तक बढ़ी निवेशकों की दौलत


नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। भारतीय शेयर बाजार में आज लगातार चौथे दिन तेजी का सिलसिला जारी है। आज सुबह के कारोबारी सत्र में बाजार में शानदार रौनक देखने को मिली। कच्चे तेल की कीमत लगातार 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बने रहने के दबाव के बावजूद घरेलू शेयर बाजार में पॉजिटिव सेंटीमेंट्स के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने जोरदार शुरुआत की। शुरुआती कारोबार के दौरान ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 700 अंकों से अधिक उछल गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 23,600 के महत्वपूर्ण स्तर को पार करने में सफल रहा।

बाजार में इस चौतरफा खरीदारी के चलते ब्रॉडर मार्केट में भी आज दिन के पहले सत्र के कारोबार के दौरान लगातार पॉजिटिव माहौल बना हुआ है, विशेषकर मिडकैप शेयरों में खरीदारी का ज्यादा जोर दिखाई दे रहा है। बाजार की इस तेज छलांग की वजह से सुबह पहले घंटे के कारोबार में ही बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों के कुल मार्केट कैप में करीब दो लाख करोड़ रुपये का बड़ा इजाफा दर्ज किया गया, जिससे निवेशकों की संपत्ति में भारी बढ़ोतरी हुई है।

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि घरेलू शेयर बाजार में आज आई इस शानदार तेजी के पीछे मुख्य रूप से तीन बड़े कारण काम कर रहे हैं। धामी सिक्योरिटीज को वाइस प्रेसिडेंट प्रशांत धामी के अनुसार बाजार को सबसे बड़ा सहारा एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों से मिल रहा है, जहां मैरिको और गॉडफ्रे फिलिप्स जैसी दिग्गज कंपनियों में आई जोरदार तेजी के चलते पूरा इंडेक्स एक प्रतिशत से भी ज्यादा मजबूत हो चुका है। इसके अलावा ग्लोबल मार्केट में चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में हुई बिकवाली के बाद घरेलू आईटी कंपनियों के प्रति निवेशकों का आकर्षण बढ़ा है, जिससे भारतीय आईटी स्टॉक्स को अच्छा सपोर्ट मिल रहा है।

प्रशांत धामी का कहना है कि बाजार की आज की तेजी की तीसरी और सबसे महत्वपूर्ण वजह विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) द्वारा भारतीय बाजार में लगातार की जा रही भारी खरीदारी है। विदेशी निवेशकों के इस भरोसे को उस खबर से और बल मिला है, जिसके मुताबिक मार्केट रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) ने सरकार से विदेशी निवेशकों को लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस (एलटीजीसी) पर टैक्स से राहत देने का प्रस्ताव किया है। इन्हीं सकारात्मक वजहों के चलते आज निफ्टी की वीकली एक्सपायरी के दिन भी शुरुआती कारोबार के दौरान बाजार पूरे जोश में नजर आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771430 Articles

Share this story