स्पिनी ने एक दिन में 1,370 पुरानी कारें आपूर्ति करके बनाया नया रिकॉर्ड

WhatsApp Channel Join Now
स्पिनी ने एक दिन में 1,370 पुरानी कारें आपूर्ति करके बनाया नया रिकॉर्ड


-नवरात्रि के पहले दिन हर 41 सेकंड एक कार की डिलीवरी, बलेनो, ग्रैंड आई10 और क्विड रहीं सबसे आगे

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (हि.स.)। देश में आमतौर पर अधिकांश परिवार नवरात्रि के पहले दिन घर में कोई नई चीज खरीदकर लाते हैं। स्पिनी ने नवरात्रि के पहले दिन 11 अक्टूबर को देशभर में कुल 1,370 पुरानी कारों की आपूर्ति की है। यह कंपनी के इतिहास में एक दिन में की गई सबसे बड़ी डिलीवरी का रिकॉर्ड है।

भारत में सेकंड हैंड कारों के अग्रणी प्लेटफॉर्म स्पिनी ने एक ही दिन में देश के 24 शहरों में 1,370 कारें डिलीवर करके अब तक की सबसे ज्यादा डिलीवरी का रिकॉर्ड बना लिया। नवरात्रि के पहले दिन स्पिनी ने अपने पिछले साल एक दिन के रिकॉर्ड की तुलना में डिलीवरी में 1.7 गुना बढ़ोतरी दर्ज की। साथ ही, पिछले साल के पहले दिन हुई डिलीवरी की तुलना में भी 96 फीसदी की वृद्धि दर्ज किया है। कंपनी के अनुसार इस दिन हर 41 सेकंड में ग्राहकों को एक कार हैंडओवर की गई और सबसे व्यस्त घंटों (यानी दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच) के दौरान 112 कारों की डिलीवरी दी गई। श्राद्ध के दौरान कारों की डिलीवरी धीमी हो गई थी, क्योंकि कई परिवार कार घर लाने से पहले त्योहार शुरू होने का इंतजार कर रहे थे।

दिल्ली-एनसीआर, महाराष्ट्र और कर्नाटक सबसे आगे

स्पिनी ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर, महाराष्ट्र और कर्नाटक क्षेत्रों ने कुल डिलीवरी में 62 फीसदी योगदान दिया। पुणे में सबसे ज्यादा 180 कारें डिलीवर की गईं। बलेनो सबसे ज्यादा डिलीवर की जाने वाली कार रही, जिसकी हिस्सेदारी कुल डिलीवरी में लगभग 14 फीसदी रही। स्पिनी मैक्स की लग्जरी कारों में 33 फीसदी बीएमडब्ल्यू कारों की डिलीवरी की गई। कंपनी के मुताबिक ग्राहकों ने सफेद रंग की कारों को सबसे ज्यादा पसंद किया (28 फीसदी)। इसके बाद ग्रे (22 फीसदी), नीले, सिल्वर और लाल रंग की कारों (प्रत्येक 12 फीसदी) को भी खूब पसंद किया गया। डिलीवर की गई हर तीन में से एक कार ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन वाली थी।

परिवारों की पहली पसंद

कंपनी ने कहा कि देशभर में महिला खरीदारों की हिस्सेदारी 18 फीसदी रही (बेंगलुरु में 29 फीसदी)। डिलीवर कुल कारों में लगभग आधी हैचबैक (55 फीसदी) थीं। इसके बाद एसयूवी (26 फीसदी) और सेडान (14 फीसदी) कारों को पसंद किया गया। इसमें बलेनो सबसे ज्यादा डिलीवर की जाने वाली कार थी। इसके बाद ग्रैंड आई10, क्विड, स्विफ्ट और टियागो को भी पसंद किया गया। हर तीन में से एक (33 फीसदी) कार ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन वाली थी।

स्पिनी के मुताबिक डिलीवर की कुल गई कारों में 82 फीसदी पेट्रोल और 12 फीसदी डीजल कारें थीं (6 फीसदी सीएनजी और 10 फीसदी इलेक्ट्रिक वाहन)। वहीं, लगभग 77 फीसदी कारें सिंगल ओनर वाली थीं और 46 फीसदी कारें 2021 या उसके बाद के मॉडल की थीं। 64 फीसदी ग्राहकों ने कार की बुकिंग स्पिनी हब पर की, जबकि 25 फीसदी ने ऑनलाइन और 11 फीसदी ने फोन के जरिये बुकिंग की। 50 फीसदी खरीदारों ने अपनी कार के लिए फाइनेंस कराया और 66 फीसदी ने स्पिनी पार्टनर्स के जरिये अपना इंश्योरेंस रिन्यू कराया।

स्पिनी भारत में सेकंड हैंड यानी पुरानी कारों की खरीद-बिक्री के लिए एक प्रमुख और भरोसेमंद फुल-स्टैक रिटेल प्लेटफॉर्म है। यह साल 2015 में स्थापित यूनिकॉर्न स्टार्टअप ग्राहकों को बिना किसी बिचौलिए या हिडन चार्ज के पूरी तरह से पारदर्शी और डिजिटल अनुभव प्रदान करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761595 Articles

Share this story