एसएंडपी ने देश की आर्थिक वृद्धि दर 2026-27 में सात फीसदी रहने का जताया अनुमान

WhatsApp Channel Join Now
एसएंडपी ने देश की आर्थिक वृद्धि दर 2026-27 में सात फीसदी रहने का जताया अनुमान


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। वैश्विक रेटिंग एजेंसी एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर सात फीसदी रहने का अनुमान बरकरार रखा है। एजेंसी ने भारत को 2027 में एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल बताया है। हालांकि, रेटिंग एजेंसी ने बढ़ती महंगाई को लेकर चेतावनी दी है।

एजेंसी एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने सोमवार को जारी अपने ताजा एशिया-प्रशांत आर्थिक दृष्टिकोण में चालू वित्त वर्ष 202627 के लिए भारत की विकास दर का अनुमान 7 फीसदी पर बरकरार रखा है, लेकिन अगामी वित्त वर्ष 2027-28 के लिए अपने अनुमान को 7.2 फीसदी से 0.2 फीसदी घटाकर 7 फीसदी कर दिया है। एसएंडपी ने रिपोर्ट में उम्मीद जताई है कि वियतनाम और भारत 2027 में इस क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाएं होंगी। एजेंसी ने कहा कि ऊर्जा की ऊंची कीमतें क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी रहेंगी, जबकि कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर बढ़ता निवेश सबसे बड़ा सकारात्मक कारक होगा। हालांकि, 2027 में इन दोनों कारकों का प्रभाव कुछ कम होने की उम्मीद है।

एजेंसी ने कहा कि अल नीनो के कारण एशिया-प्रशांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं, विशेषकर भारत में खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) दिसंबर में नीतिगत ब्याज दर में 0.25 फीसदी की एक और बढ़ोतरी कर सकता है। एजेंसी ने 31 मार्च को समाप्त होने वाले चालू वित्त वर्ष 2026-27 में खुदरा महंगाई औसतन 5.3 फीसदी रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, महंगाई का जोखिम अनुमान से अधिक रहने की ओर है। खुदरा महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 6.1 फीसदी पर पहुंच गई है, जो आरबीआई के दो से 6 फीसदी के संतोषजनक दायरे से ऊपर है।

एसएंडपी को उम्मीद है कि आरबीआई दिसंबर में नीतिगत ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की और बढ़ोतरी करेगा। इसके बाद 2027 की शुरुआत में भी इतनी ही वृद्धि की जा सकती है। हालांकि, मार्च 2028 में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष में महंगाई घटकर 4.7 फीसदी रहने का अनुमान है। इससे पहले आरबीआई ने पिछले महीने सितंबर तिमाही में आर्थिक वृद्धि दर 7.2 फीसदी रहने का अनुमान जताया गया था, जबकि वित्त मंत्रालय ने मासिक आर्थिक समीक्षा में इसके 7.35 फीसदी रहने की संभावना व्यक्त की है।

उल्लेखनीय है कि भारत 30 नवंबर को चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के जीडीपी वृद्धि के आधिकारिक आंकड़े जारी करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story