टाटा मामले में सीतारमण का राहुल पर पलटवार, अविश्वास और नकारात्मकता फैलाने का लगाया आरोप

WhatsApp Channel Join Now
टाटा मामले में सीतारमण का राहुल पर पलटवार, अविश्वास और नकारात्मकता फैलाने का लगाया आरोप


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को टाटा मामले पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता कारोबारी जगत के लोगों को अपने साथ मिलाकर अविश्वास और नकारात्मकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

सीतारमण ने ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में सरकार पर टाटा समूह को 'आपराधिक तरीके से बर्बाद' करने के आरोप लगाए जाने के बाद राहुल गांधी पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने राहुल गांधी से हर मुद्दे पर राजनीति करने से बचने को कहा है। वित्त मंत्री ने कड़ा ऐतराज जताते हुए राहुल गांधी को सलाह दी कि वे हर मुद्दे का राजनीतिकरण करना बंद करें। उन्होंने कहा कि विशुद्ध रूप से व्यावसायिक और कानूनी मामलों को 'आपराधिक' करार देना पूरी तरह से अस्वीकार्य है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर दावा किया कि टाटा को आपराधिक तरीके से नष्ट किया जा रहा है और देश के व्यावसायिक नेता इस पर बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि भारतीय उद्योग जगत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के हाथ का खिलौना नहीं है।

उल्लेखनीय है कि यह राजनीतिक विवाद टाटा संस के नेतृत्व को लेकर उपजे आंतरिक मतभेदों के बाद शुरू हुआ है। हाल ही में टाटा ट्रस्ट के अध्यक्ष नोएल टाटा ने टाटा संस के बोर्ड द्वारा एन. चंद्रशेखरन को दोबारा कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के प्रस्ताव को चुनौती दी है। इस पूरी कानूनी और कॉरपोरेट प्रक्रिया को राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से जोड़ते हुए बयानबाजी की थी, जिस पर केंद्र सरकार की ओर से वित्त मंत्री ने यह कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story