सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ की चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ की चर्चा


सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ की चर्चा


सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ की चर्चा


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को केंद्रीय बजट 2027-28 की तैयारियों के तहत 10वीं प्री-बजट परामर्श बैठक की। उन्होंने बैठक में स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र के विशेषज्ञों एवं हितधारकों के साथ बजट को लेकर चर्चा की।

राष्ट्रीय राजधानी में हुई इस बैठक में स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण और जनजातीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सुझाव लिए गए, ताकि आगामी बजट में इन क्षेत्रों की प्राथमिकताओं और जरूरतों को बेहतर ढंग से शामिल किया जा सके। बैठक में वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग (डीईए) के सचिव, जनजातीय कार्य मंत्रालय के सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा केंद्र सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन भी शामिल हुए। इस चर्चा के दौरान स्वास्थ्य अवसंरचना, सामाजिक सुरक्षा, जनजातीय कल्याण और समावेशी विकास से जुड़े हुए विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

वित्त मंत्रालय प्रत्येक वर्ष केंद्रीय बजट से पहले उद्योग जगत, अर्थशास्त्रियों, विशेषज्ञों, राज्य सरकारों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ कई दौर की परामर्श बैठकें करता है, ताकि बजट में विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों के सुझावों को शामिल किया जा सके तथा देश की प्रमुख आर्थिक प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए नीति निर्माण किया जा सके।

इससे पहले 20 नवंबर को वित्त मंत्री ने आवास, शहरीकरण और संस्कृति क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों एवं हितधारकों के साथ 9वीं प्री-बजट बैठक की थी। सीतारमण के साथ इस बैठक में आर्थिक मामलों के विभाग और आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया था। बैठक में चर्चा का केंद्र शहरी विकास, आवासीय क्षेत्र और सांस्कृतिक अवसंरचना को मजबूत बनाने से जुड़े विषय रहे।

इसके अलावा इसी दिन वित्त मंत्री ने रोजगार और श्रम क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ 8वीं प्री-बजट परामर्श बैठक की अध्यक्षता की थी, जिसमें आर्थिक मामलों के विभाग और श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और रोजगार सृजन, कौशल विकास, श्रमिक कल्याण तथा श्रम बाजार से जुड़े मुद्दों पर सुझाव साझा किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781807 Articles

Share this story